बाराबंकी| हैदरगढ़ क्षेत्र में स्थित प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार देर रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। चोर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए गर्भगृह तक घुस गए और चांदी के छत्र समेत करीब आठ किलो चांदी व अन्य कीमती पूजा सामग्री चोरी कर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी जा रही है।
बुधवार सुबह जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मंदिर का ताला टूटा हुआ और अंदर का सामान बिखरा देखा। इसके बाद तत्काल चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हैदरगढ़ पुलिस, उच्चाधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए, वहीं पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। घटनास्थल से मिले संकेतों के अनुसार चोरी की वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। प्रत्यक्ष संकेतों से यह भी पता चला है कि चोरी में शामिल एक चोर ने मंकी मास्क पहन रखा था, ताकि उसकी पहचान न हो सके। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि चोरी की योजना पहले से बनाई गई थी।
हैदरगढ़ के कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरों की पहचान कर मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
चिंताजनक बात यह है कि मंदिरों में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। बुधवार सुबह ही सूचना मिली कि बड्डूपुर थाना क्षेत्र के भगौली तीर्थ स्थित एक मंदिर से भी पूजा सामग्री चोरी कर ली गई है। इसके अलावा पिछले एक महीने के भीतर जिले के कई मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से न सिर्फ श्रद्धालुओं में रोष है, बल्कि जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि आस्था के केंद्रों में हो रही चोरी की घटनाएं निंदनीय हैं और पुलिस को रात में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ मंदिरों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।






