कानपुर। मंगलवार सुबह कानपुर में मौसम ने अचानक करवट ले ली। आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब नौ बजे दिन में ही अंधेरे जैसा माहौल बन गया, जिससे शहर की रफ्तार थम सी गई और सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया।
तेज ठंडी हवाओं और लगातार बारिश के कारण ठिठुरन काफी बढ़ गई। कई इलाकों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जलाकर बैठे दिखाई दिए। बारिश के चलते आम जनजीवन प्रभावित हुआ और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अचानक बदले मौसम से दिन के तापमान में भी तेज गिरावट आई है, जिससे ठंड का असर और गहरा हो गया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि देर रात पश्चिमी विक्षोभ और एक एंटी साइक्लोन के आपस में मिलने से बादलों की श्रृंखला बनी, जिसके कारण यह बारिश हुई। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी युक्त हवाएं भी सक्रिय रहीं।
मौसम विभाग ने कानपुर के साथ-साथ आसपास के जिलों औरैया, हमीरपुर, कन्नौज, कानपुर देहात और उन्नाव में भी बारिश व ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है। आने वाले दो से तीन दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई गई है।


