– छह आरोपियों पर एफआईआर
कानपुर। शहर के काकादेव थाना क्षेत्र में दबंगई का मामला सामने आया है, जहां पांडु नगर इलाके में छह युवकों ने एक बीकॉम छात्र को बीच बाजार दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया। आरोप है कि छात्र के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे बेरहमी से मारा गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्र रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी नहीं माने। उसे मुक्कों-घूसों से पीटा गया और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
करीब 39 सेकेंड के वायरल वीडियो में आरोपी एक के बाद एक छात्र पर थप्पड़ और घूंसे बरसाते दिखाई दे रहे हैं। हमले के दौरान मौके पर शोरगुल मच गया, जिसे सुनकर पास स्थित एक रेस्टोरेंट के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
बीच-बचाव के बाद आरोपी युवक धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित छात्र ने काकादेव थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर छह आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। काकादेव पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।


