थाना अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

अमृतपुर फर्रुखाबाद| कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस द्वारा किए जा रहे दावे एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गए हैं। थाना अध्यक्ष की पुलिस द्वारा रात भर गश्त करने और सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न स्थानों पर गारद लगाए जाने की बात कही जाती है, लेकिन इसके बावजूद चोरी की घटनाएँ लगातार सामने आ रही हैं।
ताज़ा चोरी की वारदात ने पुलिस गश्त की हकीकत उजागर कर दी है। देर रात्रि हुई ट्रॉली चोरी की घटना ने पुलिस से जनता का भरोसा कमजोर कर दिया है। जनमानस में यह चिंता गहराती जा रही है कि पुलिस चोरों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस वास्तव में मुस्तैदी से गश्त कर रही होती, तो चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। लगातार हो रही चोरियों से कस्बेवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब रात भर पुलिस तैनात रहती है, तो चोरी की घटनाएँ कैसे हो रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा अमृतपुर में स्टेट बैंक के बगल एवं ग्रामीण बैंक के सामने खड़ी ट्रॉली को लगभग रात एक बजे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। चोरी हुई ट्रॉली मोहन पुत्र दयाराम की बताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि उक्त स्थान पर सामान्यतः पुलिस की तैनाती रहती है, इसके बावजूद चोरी की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
इसी क्रम में बीते दिनों ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड की सोते हुए अवस्था की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसने गश्त और सतर्कता के दावों पर और अधिक सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल तस्वीर के बाद भी व्यवस्था में सुधार न होना आमजन की चिंता को और बढ़ा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लगी, तो किसी बड़ी वारदात से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं, थाना अध्यक्ष की भूमिका को लेकर उच्चाधिकारियों से शिकायत किए जाने की भी तैयारी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here