जयपुर: राजस्थान के जयपुर (Jaipur) में एक ऑक्सीजन संयंत्र में ऑक्सीजन सिलेंडर (Oxygen cylinder) फटने से हुए हादसे में संयंत्र प्रबंधक समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कारखाने के प्रबंधक ने एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। झारखंड के रहने वाले मजदूर मुन्ना राय और जयपुर निवासी कारखाने के प्रबंधक विनोद गुप्ता (45) की इस धमाके में मौत हो गई। झारखंड के ही रहने वाले एक अन्य मजदूर शिबू उर्फ अनुवा घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जयपुर (पश्चिम) के डीसीपी हनुमान प्रसाद मीना ने बताया कि यह हादसा शनिवार को राज्य की राजधानी के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में करणी विहार कॉलोनी स्थित रोड नंबर 17 पर विल्सन क्रायो गैस कारखाने में हुआ। यह कारखाना ऑक्सीजन सिलेंडरों को भरने का काम करता है। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। धमाका इतना जोरदार था कि संयंत्र की टिन की छत उड़ गई और एक दीवार गिर गई।
आस-पास के कुछ घरों की दीवारों में भी दरारें आ गईं। कारखाने के पास स्थित दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही विश्वकर्मा पुलिस स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। नागरिक सुरक्षा और दमकल दल भी मौके पर पहुंचे और बचाव एवं राहत कार्यों में जुट गए। नागरिक सुरक्षा उप नियंत्रक अमित शर्मा ने बताया कि एहतियात के तौर पर दमकल दल और वाहन पूरी रात घटनास्थल पर तैनात रहे।
दोनों मृतकों के शवों को कनवाटिया अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है। घायल व्यक्ति का इलाज सवाई मान सिंह अस्पताल में चल रहा है। शवों का पोस्टमार्टम आज किया जाएगा और उसके बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


