अमेरिका में कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों ने एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा हाल ही में सार्वजनिक किए गए 30 लाख से अधिक पन्नों के दस्तावेजों में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। इन फाइलों में करीब 2,000 वीडियो और 1,80,000 तस्वीरें शामिल हैं, जिनमें एपस्टीन के संपर्कों और गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां दर्ज हैं।
इन नए दस्तावेजों में न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी की मां और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक मीरा नायर का नाम सामने आना सबसे ज्यादा चर्चा में है। फाइलों के मुताबिक, मीरा नायर ने वर्ष 2009 में अपनी फिल्म अमेलिया के प्रमोशन के दौरान आयोजित एक आफ्टर-पार्टी में हिस्सा लिया था।
दस्तावेजों में दावा किया गया है कि यह पार्टी यौन तस्करी के आरोप में दोषी ठहराई जा चुकी गिसलेन मैक्सवेल के न्यूयॉर्क स्थित घर पर आयोजित की गई थी। गिसलेन मैक्सवेल को जेफरी एपस्टीन का करीबी सहयोगी माना जाता है और वह इस पूरे नेटवर्क में अहम भूमिका निभाने के आरोपों में सजा काट चुकी हैं।
इस पार्टी से जुड़ी जानकारी एक ईमेल के जरिए सामने आई है। यह ईमेल 21 अक्टूबर 2009 को पब्लिसिस्ट पैगी सीगल द्वारा जेफरी एपस्टीन को भेजा गया था। ईमेल पार्टी के अगले दिन सुबह भेजा गया, जिसमें वहां मौजूद मेहमानों के नामों का जिक्र किया गया है।
ईमेल के मुताबिक, पार्टी में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस भी मौजूद थे। ईमेल में लिखा गया है, “फिल्म की पार्टी के बाद अभी-अभी गिसलेन के घर से निकली हूं। बिल क्लिंटन और जेफ बेजोस भी वहां थे। डायरेक्टर मीरा नायर आदि।” इस मेल ने कई बड़े नामों को एक बार फिर विवादों के केंद्र में ला दिया है।
हालांकि, ईमेल में यह भी दावा किया गया कि पार्टी में मौजूद मेहमानों की प्रतिक्रिया मीरा नायर की फिल्म अमेलिया को लेकर कुछ खास उत्साहजनक नहीं थी। इसके बावजूद, गिसलेन मैक्सवेल के घर पर इस तरह के हाई-प्रोफाइल आयोजन में शामिल होने की बात ने सवाल खड़े कर दिए हैं।
इन फाइलों में टेक उद्योग के दिग्गज और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क का नाम भी सामने आया है। दस्तावेजों में एपस्टीन और मस्क के बीच हुए ईमेल संवाद का उल्लेख किया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।
नवंबर 2012 के एक ईमेल में एपस्टीन ने मस्क से पूछा था कि उनके द्वीप पर हेलीकॉप्टर से कितने लोग आएंगे। इसके जवाब में मस्क ने लिखा था, “शायद बस मैं और तलुलाह। आपके द्वीप पर सबसे जबरदस्त पार्टी किस दिन या रात होगी?” इस संवाद ने एपस्टीन के नेटवर्क की व्यापकता को लेकर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि, दस्तावेजों में नाम आने का मतलब यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति किसी अपराध में शामिल थे, लेकिन इतने बड़े स्तर पर हाई-प्रोफाइल हस्तियों के संपर्क सामने आना अमेरिकी समाज और राजनीति में गहरी चिंता का विषय बन गया है। कई नाम पहले भी एपस्टीन फाइलों में सामने आ चुके हैं, लेकिन नए दस्तावेजों ने पुराने विवादों को फिर हवा दे दी है।
अमेरिकी न्याय विभाग का कहना है कि इन दस्तावेजों को सार्वजनिक करने का मकसद पारदर्शिता बढ़ाना है। वहीं, विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में इन फाइलों के आधार पर और भी नए खुलासे हो सकते हैं, जिससे एपस्टीन मामला एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में बना रह सकता है।


