फरवरी का महीना आते ही वैलेंटाइन डे का खुमार सिनेप्रेमियों पर चढ़ने लगता है। आमतौर पर इस मौके पर नई रोमांटिक फिल्मों की भरमार रहती है, लेकिन इस बार दर्शकों को एक खास तोहफा मिलने जा रहा है। कई साल पहले रिलीज हो चुकी सुपरहिट और कल्ट फिल्में एक बार फिर बड़े पर्दे पर दस्तक देने को तैयार हैं।
इस लिस्ट में सबसे ऊपर नाम है सलमान खान की आइकॉनिक फिल्म ‘तेरे नाम’ का। यह फिल्म पूरे 23 साल बाद दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज की जा रही है। सलमान खान के फैंस के लिए यह किसी उत्सव से कम नहीं है, क्योंकि इस फिल्म ने उन्हें ‘राधे भैया’ के रूप में एक अलग पहचान दी थी।
सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवां’ को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन उससे पहले वह अपने पुराने हिट किरदार के साथ दर्शकों के सामने लौट रहे हैं। ‘तेरे नाम’ में सलमान एक जुनूनी आशिक के रूप में नजर आए थे, जो आज भी फैंस के दिलों में बसा हुआ है।
फिल्म में सलमान खान के अपोजिट भूमिका चावला नजर आई थीं। दोनों की केमिस्ट्री और फिल्म का दर्दभरा संगीत आज भी लोगों को भावुक कर देता है। मेकर्स ने इस फिल्म को 27 फरवरी 2026 को एक बार फिर थिएटर्स में रिलीज करने का फैसला लिया है।
सिर्फ ‘तेरे नाम’ ही नहीं, बल्कि दो और कल्ट फिल्में भी फरवरी में दर्शकों को बड़े पर्दे का सफर कराने वाली हैं। इनमें शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म ‘देवदास’ भी शामिल है, जो सालों बाद फिर से सिनेमाघरों में लौट रही है।
साल 2002 में रिलीज हुई संजय लीला भंसाली निर्देशित ‘देवदास’ में शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। यह फिल्म 06 फरवरी 2026 से थिएटर्स में री-रिलीज की जाएगी, यानी करीब 24 साल बाद दर्शकों को इसे फिर बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा।
‘देवदास’ अपने भव्य सेट्स, दमदार डायलॉग्स, संगीत और कलाकारों की शानदार अदाकारी के लिए आज भी याद की जाती है। यह फिल्म उस दौर की सबसे महंगी फिल्मों में से एक थी और आज भी इसे हिंदी सिनेमा की क्लासिक फिल्मों में गिना जाता है।
तीसरी फिल्म जो इस री-रिलीज की लिस्ट में शामिल है, वह है मणिरत्नम की चर्चित फिल्म ‘युवा’। यह क्राइम थ्रिलर फिल्म 20 फरवरी 2026 को एक बार फिर सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी।
‘युवा’ में अजय देवगन, विवेक ओबेरॉय और अभिषेक बच्चन जैसे सितारे नजर आए थे। फिल्म में युवाओं की राजनीति, बगावत और सामाजिक संघर्ष को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया था, जो आज भी प्रासंगिक मानी जाती है।
गौरतलब है कि पिछले साल वैलेंटाइन के महीने में री-रिलीज हुई फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि ‘तेरे नाम’, ‘देवदास’ और ‘युवा’ एक बार फिर सिनेमाघरों में दर्शकों को कितना आकर्षित कर पाती हैं।


