कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी का वीडियो वायरल

फर्रुखाबाद| शुक्रवार को आशा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। आशा कार्यकर्ताओं ने सीएमओ पर अपशब्द बोलने का आरोप लगाया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक महकमे में भी हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार आशा कार्यकर्ता अपनी विभिन्न मांगों को लेकर काफी समय से आंदोलनरत हैं। शुक्रवार को वे अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंची थीं। ज्ञापन सौंपने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा सीएमओ को फोन किया गया। आशा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इसी दौरान फोन पर सीएमओ द्वारा उनके लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जिसकी जानकारी मिलने पर वे आक्रोशित हो गईं।
इसी बीच सीएमओ भी कलेक्ट्रेट परिसर पहुंच गए। जैसे ही वह अपने वाहन से नीचे उतरे, आशा कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। सीएमओ सभागार की ओर बढ़ने लगे, लेकिन आशा कार्यकर्ता उनके पीछे-पीछे चलती रहीं और लगातार नारे लगाती रहीं। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आशा कार्यकर्ताओं का आक्रोश कम नहीं हुआ।
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ आशा कार्यकर्ताओं ने सभागार में प्रवेश करने का भी प्रयास किया। हालांकि सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और आशा कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वहीं, सीएमओ अवनीधर कुमार ने अपने ऊपर लगे अपशब्द बोलने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ता भुगतान को लेकर धरना दे रही थीं, जिसका भुगतान कर दिया गया है। अब वे नियमित किए जाने की मांग कर रही हैं। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा किसी भी प्रकार के अपशब्दों का प्रयोग नहीं किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here