फर्रुखाबाद। लगातार बढ़ रही चाइनीज मांझा से होने वाली दुर्घटनाओं और गंभीर चोटों को लेकर अब सामाजिक संगठनों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में चाइनीज मांझा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नगर मजिस्ट्रेट श्री संजय बंसल को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय भी मौके पर उपस्थित रहीं।
ज्ञापन देते हुए भईयन मिश्रा ने कहा कि चाइनीज मांझा आमजन के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। आए दिन लोग इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं, कई मामलों में जान तक चली गई है। इसके बावजूद चाइनीज मांझा की खुलेआम बिक्री जारी है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी इस मुद्दे को लेकर कई बार आवाज उठाई गई, आंदोलन किए गए, लेकिन हालात आज भी जस के तस बने हुए हैं।
भईयन मिश्रा ने नगर मजिस्ट्रेट से मांग की कि ऐसी कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जाए जिससे चाइनीज मांझा बेचने वालों के मन में इतना भय पैदा हो जाए कि वे दोबारा इसकी बिक्री करने की हिम्मत न कर सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक इस जानलेवा मांझे की बिक्री पूरी तरह बंद नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
मौके पर उपस्थित सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। चाइनीज मांझा की बिक्री में संलिप्त नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर चाइनीज मांझा की बिक्री पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई गई, तो चौक पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक चाइनीज मांझा बंद नहीं होगा, तब तक संगठन चैन से नहीं बैठेगा।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से निशित दुबे (पूर्व सभासद), आलोक मिश्रा भरे, ओम निवास पाठक, सनी बाथम, रईस नवाब, लकी शुक्ला, राजा मिश्रा, पंकज राठौर, सागर गुप्ता, शिवेंद्र बाजपेई, प्रशांत मिश्रा, शिवदेव सिंह, कार्तिकेय शुक्ला, आयुष सक्सेना, नीरज दुबे, अफरोज आलम खान, विनय दीक्षित सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
ज्ञापन सौंपने के बाद भईयन मिश्रा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कठोर कदम उठाएगा, लेकिन यदि अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो चाइनीज मांझा के खिलाफ युद्ध स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here