लखनऊ| प्रदेश में मौसम का सख्त मिजाज बना हुआ है और अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर का असर जारी रहने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान कोहरे की तीव्रता में पहले के मुकाबले कुछ कमी आ सकती है, लेकिन ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है। सोमवार सुबह आगरा में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई और विश्व धरोहर ताजमहल तक नजर नहीं आया। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही और आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार दिन में धूप निकलने के बावजूद गलन बनी रहेगी, जिससे ठंड का अहसास बना रहेगा। राजधानी लखनऊ और औद्योगिक नगरी कानपुर में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कानपुर में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम में कड़ाके की ठंड को दर्शाता है। ठंडी हवाओं के चलते सुबह और रात के समय लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज, सोनभद्र, मीरजापुर, संत रविदास नगर और आसपास के इलाकों में बहुत घना कोहरा छाने की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित कई जिलों में भी घना कुहासा पड़ सकता है।
कोहरे के चलते दृश्यता में कमी आने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने की अपील की है।






