17.8 C
Lucknow
Thursday, February 26, 2026

यातायात क्षेत्राधिकारी ने गिरा हुआ पर्स महिला को सकुशल लौटाया, भावुक होकर जताया आभार

Must read

फर्रुखाबाद: शनिवार को थाना कादरीगेट क्षेत्रान्तर्गत आयोजित श्रीरामनगरिया मेला (Sri Ramnagariya Fair) पांचाल घाट (Panchal Ghat) में पुलिस की तत्परता और ईमानदारी की एक सराहनीय मिसाल देखने को मिली। मेले में आई एक महिला का पर्स अचानक गिर गया, जिसमें जरूरी दस्तावेज व अन्य सामग्री मौजूद थी। पर्स गिरने की जानकारी मिलते ही मेले में ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस उपाधीक्षक अभय वर्मा ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।

सूचना प्राप्त होते ही पुलिस उपाधीक्षक अभय वर्मा द्वारा मेले में घोषणा करवाई गई, साथ ही पर्स की मालिक महिला की पहचान करने के लिए पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। भारी भीड़ और मेले की चहल-पहल के बावजूद पुलिस की सतर्कता रंग लाई और शीघ्र ही पीड़ित महिला की पहचान कर ली गई।

इसके पश्चात यातायात पुलिस उपाधीक्षक अभय वर्मा ने व्यक्तिगत रूप से महिला को उसका पर्स पूर्ण सामग्री सहित सुरक्षित वापस सौंपा। पर्स पाकर महिला के चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी। महिला ने पुलिस की इस त्वरित, संवेदनशील और ईमानदार कार्यवाही के लिए पुलिस उपाधीक्षक अभय वर्मा एवं पूरी पुलिस टीम का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया।

मेले जैसे बड़े आयोजन में जहां हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है, ऐसे में पुलिस द्वारा दिखाई गई यह सजगता और ईमानदारी आमजन में सुरक्षा और विश्वास का संदेश देती है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी पुलिस के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं पुलिस और जनता के बीच भरोसे को और मजबूत करती हैं। श्रीरामनगरिया मेले में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस द्वारा मानवीय संवेदनाओं के साथ किया गया यह कार्य निश्चित रूप से प्रशंसनीय और अनुकरणीय है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article