लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में लगातार ठंड और भीषण शीतलहर तेजी से बढ़ती जा रही है। वही एक जनवरी यानी नए साल के बाद आज शुक्रवार को भीषड़ ठंड और शीतलहर को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त और स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा कि ठंड से आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे। इसके अलावा सीएम योगी ने प्रदेश में ICSE, CBSE और यूपी बोर्ड से संचालित कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल (schools) पांच जनवरी तक बंद करने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही माध्यमिक व बेसिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए आदेश जारी कर दिए हैं। राज्य में इस समय अधिकतर जिले शीतलहर की चपेट में हैं। इसे देखते हुए पूर्व में सोमवार से गुरुवार तक 12वीं तक के विद्यालयों में छुट्टी की गई थी। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए हैं।
वहीं आज भी काफी तेज ठंडी हवाएं चल रहीं थीं और माध्यमिक विद्यालय शुक्रवार को खुले थे। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी बोर्डों आईसीएसई, सीबीएसई और यूपी बोर्ड के कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को पांच जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है। इस क्रम में माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने माध्यमिक विद्यालयों व बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने कक्षा एक से आठ तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में पांच जनवरी तक छुट्टी के लिए निर्देश जारी किए हैं।
सीएम योगी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि सभी जनपदों में ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम किए जाएं। जरूरतमंद लोगों के लिए कंबल वितरण और अलाव की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।


