लखनऊ। प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 21 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव कर दिया है। इसमें सचिव से प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नत दो अफसरों, विशेष सचिव से सचिव बने अधिकारियों समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। इस फेरबदल को शासन स्तर पर प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
सचिव से प्रमुख सचिव बने अधिकारियों में अपर्णा यू को सचिव चिकित्सा शिक्षा एवं महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा के पद से हटाकर प्रमुख सचिव राजस्व बनाया गया है। वहीं एसवीएस रंगाराव को सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद एवं निदेशक भूमि अध्याप्ति से प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय, राष्ट्रीय एकीकरण तथा सामान्य प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अखंड प्रताप सिंह को विशेष सचिव निर्वाचन से पदोन्नत कर उसी विभाग में सचिव बनाया गया है।
नेहा शर्मा को प्रभारी महानिरीक्षक निबंधक से महानिरीक्षक निबंधक, मोनिका रानी को प्रभारी महानिदेशक स्कूल शिक्षा से महानिदेशक स्कूल शिक्षा तथा योगेश कुमार को प्रभारी आयुक्त एवं निबंधक सहकारी समितियां से आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता नियुक्त किया गया है।
डॉ. सारिका मोहन को सचिव वित्त से सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा बनाया गया है, जबकि नवीन कुमार जीएस को सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन, मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना एवं परियोजना प्रशासक ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकरण से सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद तथा निदेशक भूमि अध्याप्ति की जिम्मेदारी दी गई है।
भवानी सिंह खंगारोत को विशेष सचिव राजस्व परिषद से सचिव वित्त बनाया गया है। अरुण प्रकाश को विशेष सचिव नगर विकास से विशेष सचिव राजस्व विभाग तथा रविंद्र कुमार प्रथम को विशेष सचिव कृषि, कृषि विपणन एवं विदेश व्यापार तथा कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग से सचिव नगर विकास, राज्य मिशन निदेशक अमृत और प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय बनाया गया है।
इसके अलावा दिव्य प्रकाश गिरी को विशेष सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति से सचिव लोक निर्माण विभाग, कृष्ण कुमार को विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग से सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग तथा सुधा वर्मा को विशेष सचिव महिला कल्याण एवं सचिव राज्य महिला आयोग से सचिव राजस्व विभाग नियुक्त किया गया है। रेनू तिवारी को सचिव उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग से विशेष सचिव महिला कल्याण एवं सचिव राज्य महिला आयोग बनाया गया है।
राजेंद्र सिंह, द्वितीय विशेष सचिव समाज कल्याण को उनके वर्तमान पद के साथ सचिव अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। संजीव सिंह को विशेष सचिव वित्त से निदेशक समाज कल्याण एवं प्रबंध निदेशक यूपी सिडको बनाया गया है। डॉ. वंदना वर्मा को निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं प्रबंध निदेशक पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम से निदेशक महिला कल्याण एवं प्रबंध निदेशक महिला कल्याण निगम नियुक्त किया गया है, जबकि उमेश प्रताप सिंह को विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण के साथ निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं प्रबंध निदेशक पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कुमार प्रशांत को निदेशक समाज कल्याण एवं प्रबंध निदेशक यूपी सिडको से सचिव गृह विभाग और संदीप कौर को निदेशक महिला कल्याण एवं प्रबंध निदेशक महिला कल्याण निगम से सचिव वित्त विभाग बनाया गया है। इस व्यापक फेरबदल के बाद कई महत्वपूर्ण विभागों में नए सिरे से प्रशासनिक जिम्मेदारियों का बंटवारा हुआ है।





