लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बसंतकुंज योजना में बने राष्ट्र प्रेरणा स्थल में नए साल के पहले दिन से प्रवेश शुल्क लागू कर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 25 दिसंबर को लोकार्पित इस स्थल को 29 दिसंबर से आम जनता के लिए खोला गया था, जबकि 31 दिसंबर तक यहां प्रवेश निशुल्क रहा। तीन दिन मुफ्त प्रवेश के बाद एक जनवरी से टिकट व्यवस्था लागू होते ही यहां दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
नए साल के पहले दिन राष्ट्र प्रेरणा स्थल को देखने के लिए 12 हजार से अधिक लोग पहुंचे। भीड़ को देखते हुए यहां बने म्यूजियम को भी खोल दिया गया और उसके लिए अलग से शुल्क तय किया गया। प्रेरणा स्थल में प्रवेश के लिए 15 रुपये और म्यूजियम देखने के लिए 50 रुपये का टिकट रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार पांच वर्ष तक के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रवेश निशुल्क है। पार्क प्रतिदिन सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक खुला रहेगा, जबकि टिकट शाम सात बजे तक उपलब्ध होंगे।
एक जनवरी को केवल राष्ट्र प्रेरणा स्थल ही नहीं, बल्कि एलडीए के अन्य प्रमुख पार्कों में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जनेश्वर मिश्र पार्क में सबसे अधिक 41,442 दर्शक पहुंचे। इसके अलावा आंबेडकर उद्यान में 12,117, कांशीराम इको गार्डेन में 6,400, यूपी दर्शन पार्क में 2,357, बुद्धा पार्क में 3,700 और लोहिया पार्क में 2,783 लोग घूमने पहुंचे। सभी पार्कों को मिलाकर कुल 81,196 दर्शकों की मौजूदगी दर्ज की गई, जिससे एलडीए को करीब 22 लाख रुपये की आमदनी हुई।
पहले दिन टिकट पॉश मशीनों से दिए गए, हालांकि इंटरनेट नेटवर्क धीमा होने के कारण कई दर्शकों को टिकट लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। बिना पूर्व सूचना के अचानक टिकट लागू होने से कुछ लोग हैरान भी नजर आए, क्योंकि उन्हें पहले की तरह निशुल्क प्रवेश की उम्मीद थी।
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल और म्यूजियम के लिए प्रवेश शुल्क तय कर दिया गया है। नए साल के पहले दिन बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे और स्थल की भव्यता व सुंदरता को निहारा।





