लखनऊ| नए वर्ष के पहले ही दिन उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक महकमे को बड़ी सौगात दी है। यूपी काडर के कुल 67 आईएएस अधिकारियों को गुरुवार से पदोन्नति मिल जाएगी। इनमें वर्ष 2001 बैच के चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रमुख सचिव बनाए जा रहे हैं, जबकि वर्ष 2010 बैच के 19 आईएएस अधिकारियों को विशेष सचिव से सचिव के पद पर पदोन्नत किया गया है। इन सभी अधिकारियों को शीघ्र ही नई तैनाती भी दी जाएगी।
प्रमुख सचिव बनने वालों में 2001 बैच के आईएएस अधिकारी शशि भूषण लाल सुशील, अजय कुमार शुक्ला, अपर्णा यू और एसवीएस रंगाराव शामिल हैं। इन अधिकारियों को शासन के अहम विभागों में बड़ी जिम्मेदारियां सौंपे जाने की संभावना है। वहीं वर्ष 2010 बैच के आईएएस अखंड प्रताप सिंह, कुमार प्रशांत, नेहा शर्मा, मोनिका रानी, शंभु कुमार, योगेश कुमार, नितीश कुमार, भवानी सिंह खंगारौत, संदीप कौर, दुर्गाशक्ति नागपाल, रवींद्र कुमार और ओम प्रकाश आर्य को सचिव पद पर पदोन्नति दी गई है। इसके अलावा के. बालाजी, आशुतोष निरंजन और सुजीत कुमार को सचिव पद पर प्रोफार्मा पदोन्नति मिली है। इसी बैच के नगेंद्र प्रताप, दिव्य प्रकाश गिरी, कृष्ण कुमार और सुधा वर्मा को भी सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है। शेष अधिकारियों को उच्च वेतनमान में पदोन्नति का लाभ दिया गया है।
इसी क्रम में सचिवालय प्रशासन ने वर्ष 2025 के आखिरी दिन भी पदोन्नतियों का बड़ा फैसला लिया। सचिवालय के आठ संयुक्त सचिवों को विशेष सचिव के पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें संयुक्त सचिव देवी शंकर शुक्ला, लाल बहादुर यादव, डॉ. ध्रुवपाल, अवधेश कुमार खरे, प्रेम कुमार पांडेय, कुंवर मकरंद सिंह, आनंद प्रकाश सिंह और नीरजा सक्सेना शामिल हैं। इन सभी को उनके वर्तमान विभागों में ही विशेष सचिव के रूप में पदोन्नति दी गई है। इसके साथ ही समीक्षा अधिकारी मो. वकील और नीलम बाजपेई को अनुभाग अधिकारी बनाया गया है, जबकि उप सचिव विश्वजीत सिंह, अजित प्रताप सिंह और उदयवीर सिंह राठौर को संयुक्त सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है।
वन विभाग में भी नए साल से पहले पदोन्नतियों का फैसला हुआ है। प्रदेश सरकार ने भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के आठ अधिकारियों को पदोन्नति दी है, जो एक जनवरी से प्रभावी मानी जाएंगी। वन संरक्षक रमेश चंद्र को मुख्य वन संरक्षक बनाया गया है। संजय कुमार विश्वाल और सूरज को वन संरक्षक पद पर पदोन्नति मिली है। वहीं कनिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड में तैनात दिव्या, ईशा तिवारी, दीक्षा भंडारी, मनीष सिंह और सुन्दरेशा को सलेक्शन ग्रेड में पदोन्नत किया गया है।
इन व्यापक पदोन्नतियों से शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा और गति आने की उम्मीद जताई जा रही है। सरकार का मानना है कि अनुभवी अधिकारियों को उच्च जिम्मेदारी मिलने से विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों में और अधिक मजबूती आएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here