फर्रुखाबाद: पौराणिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र दुर्वासा आश्रम (Durvasa Ashram) पांचाल घाट पर मंगलवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में जनपद के कोने-कोने से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे दिन भक्ति व सेवा का माहौल बना रहा। भंडारे में फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत सहित जिले के अनेक जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने आश्रम परिसर में कतारबद्ध होकर प्रसाद लिया और पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रख्यात संत मोनी बाबा एवं आश्रम के महंत ईश्वर दास ब्रह्मचारी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की होड़ लगी रही। संतों ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए धर्म, सेवा और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
भंडारे के आयोजन में व्यवस्थाएं सराहनीय रहीं। सेवाभाव से लगे स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। पूरे परिसर में भक्ति, अनुशासन और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं का कहना था कि दुर्वासा आश्रम में आयोजित यह भंडारा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और सेवा भाव को भी मजबूत करता है।


