मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई (Atal Bihari Vajpayee) की जन्म शताब्दी समारोह के अंतर्गत नगर पंचायत खिमसेपुर के कार्यालय में स्थित सभागार में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कल्याणपुर से विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री नीलिमा कटियार (Neelima Katiyar) रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि कन्नौज के पूर्व जिला अध्यक्ष योगेंद्र सिंह भदौरिया उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने अटल बिहारी वाजपेई के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।
दीप प्रज्वलन के उपरांत मंचासीन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य अतिथि नीलिमा कटियार ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेई का जन्म एक साधारण एवं गरीब परिवार में हुआ था। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा प्राप्त की और अपने विचार, आचरण व नेतृत्व से देश को उन्नति के शिखर तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने भारत माता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। ऐसे महान व्यक्तित्व को स्मरण करना आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा और सौभाग्य की बात है।
नीलिमा कटियार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई का योगदान सागर के समान विशाल है। उनके कार्यकाल में देश ने कारगिल युद्ध जैसी चुनौती का सामना किया और परमाणु परीक्षण कर विश्व पटल पर भारत की ताकत का परिचय दिया। विशिष्ट अतिथि योगेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई संगठन को सर्वोपरि मानते थे। वे कार्यकर्ताओं को संगठन की नींव बताते थे और उन्हें हमेशा सम्मान देते थे। अटल सरकार के समय ही भारत परमाणु शक्ति संपन्न बना और स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी ऐतिहासिक योजनाएं देश को समर्पित की गईं।
कार्यक्रम में भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई की प्रेरणा से ही आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकास और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ा रहे हैं। अटल जी के आदर्शों के कारण ही भारत निरंतर विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर है। सम्मेलन में चारों मंडल अध्यक्षों सहित सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।


