लखनऊ| दुबग्गा इलाके में बड़ी संख्या में भेड़ों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मंगलवार को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को निष्पक्ष और गहन जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित पशुपालकों को राहत देते हुए प्रति मृत भेड़ 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
भेड़ों की मौत के मामले को शासन स्तर पर गंभीर मानते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मौत के वास्तविक कारणों की वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जाए, ताकि यह तय हो सके कि मामला किसी बीमारी से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। इस प्रकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं।
गरीब और सीमांत पशुपालकों की आजीविका पर पड़े असर को देखते हुए सरकार ने तत्काल मुआवजे का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक मृत भेड़ के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे पात्र पशुपालकों के खातों में उपलब्ध कराई जाएगी और इसके वितरण में किसी भी तरह की देरी नहीं होने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद आज मंगलवार को ही जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग की टीमें मौके पर सक्रिय हो गईं। घटनास्थल से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं, जबकि अन्य भेड़ों को संभावित संक्रमण से बचाने के लिए टीकाकरण और स्वास्थ्य निगरानी तेज कर दी गई है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि अब तक 71 भेड़ों की मौत हो चुकी है, जबकि 78 भेड़ों को समय रहते उपचार देकर बचा लिया गया है। सभी मृत और बीमार भेड़ों में पेट फूलने के लक्षण पाए गए हैं, हालांकि पोस्टमार्टम में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए बिसरा फॉरेंसिक लैब भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here