‘नए साल पर जश्न मनाना नाजायज़’, मुस्लिम युवाओं से अपील
बरेली।नववर्ष के जश्न को लेकर बरेली से एक फतवा सामने आया है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने नए साल के जश्न को इस्लाम के खिलाफ बताते हुए इसे नाजायज़ करार दिया है।
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि नए साल के नाम पर समाज में फूहड़बाजी, अश्लीलता और अनैतिक गतिविधियां बढ़ती हैं, जो इस्लामी शिक्षाओं के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं को दूर रहना चाहिए।
मुस्लिम युवाओं के लिए फतवा जारी
मौलाना रजवी ने विशेष रूप से मुस्लिम युवाओं को संबोधित करते हुए फतवा जारी किया और अपील की कि वे नए साल के जश्न में शामिल न हों। उन्होंने कहा कि इस्लाम सादगी, संयम और नैतिक जीवन का संदेश देता है, न कि दिखावे और फिजूलखर्ची का।
अपने बयान में मौलाना रजवी ने कहा कि मुसलमानों को अपने धार्मिक मूल्यों और परंपराओं का पालन करना चाहिए और ऐसे आयोजनों से दूरी बनानी चाहिए, जो समाज में गलत संदेश देते हों।
फतवे के बाद यह मुद्दा चर्चा में आ गया है और इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।





