फर्रुखाबाद। मेला रामनगरिया में वाहन स्टैंड के ठेका की विज्ञप्ति के लिए तीसरी बार टेंडर निकाला गया है, लेकिन अब तक कोई भी ठेकेदार इसे लेने के लिए आगे नहीं आ रहा है। ठेका प्रक्रिया में लगातार आ रही इस अड़चन से मेला प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं।
पिछले वर्ष वाहन स्टैंड का ठेका लेने वाले ठेकेदार सुधीर कुमार के एक सहयोगी ने बताया कि बीते वर्ष वाहन स्टैंड संचालन में भारी घाटा हुआ था। साथ ही, पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के कारण भी ठेकेदारों में डर का माहौल है, जिस वजह से इस बार कोई भी व्यक्ति ठेका लेने को तैयार नहीं हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार, मेला रामनगरिया प्रशासन आज ठेकेदारों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करेगा और आपसी सहमति के आधार पर ठेका उठाए जाने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि समय रहते वाहन स्टैंड की व्यवस्था सुचारू रूप से शुरू हो सके, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस संबंध में मेला लिपिक संजय मिश्रा ने बताया कि वाहन स्टैंड और विज्ञापन से संबंधित ठेका प्रक्रिया शीघ्र ही पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन ठेकेदारों की समस्याओं को गंभीरता से सुन रहा है और उनके समाधान के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं।
मेला प्रशासन का कहना है कि वाहन स्टैंड व्यवस्था मेले की एक अहम कड़ी है। ठेका जल्द फाइनल न होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि मेले के दौरान यातायात और पार्किंग व्यवस्था प्रभावित न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here