मोबाइल में फोटो खिंचवाकर दिए जा रहे एक्स-रे
फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय के एक्स-रे विभाग में लगी प्रिंटर मशीन बीते तीन दिनों से खराब पड़ी हुई है। मशीन खराब होने के कारण मरीजों को एक्स-रे की फिल्म उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, एक्स-रे कराए जाने के बाद मरीजों को सामान्य रूप से एक्स-रे फिल्म दी जाती है, जिसके आधार पर चिकित्सक उनका उपचार करते हैं। लेकिन प्रिंटर मशीन खराब होने के चलते फिलहाल मरीजों को एक्स-रे की फिल्म नहीं मिल पा रही है। मजबूरी में एक्स-रे की रिपोर्ट को मोबाइल फोन में फोटो खींचकर मरीजों को दी जा रही है, जिसे देखकर चिकित्सक उपचार कर रहे हैं।
मरीजों का कहना है कि मोबाइल में फोटो देखकर इलाज कराना कई बार असुविधाजनक होता है। खासकर गंभीर मरीजों और बुजुर्गों को रिपोर्ट समझने और दिखाने में दिक्कत होती है। साथ ही भविष्य में उपचार या किसी अन्य चिकित्सालय में दिखाने के लिए एक्स-रे फिल्म की आवश्यकता पड़ती है, जो इस समय उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
मामले को लेकर लोहिया अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि एक्स-रे विभाग की प्रिंटर मशीन में तकनीकी खराबी आ गई है। मशीन को ठीक कराने के लिए मैकेनिक को बुला लिया गया है, जो मरम्मत कार्य में लगा हुआ है। जल्द ही मशीन को ठीक कर लिया जाएगा, ताकि मरीजों को फिर से एक्स-रे फिल्म उपलब्ध कराई जा सके।





