जिले मे 12 दिनों से घना कोहरा, दृश्यता 15 मीटर तक सिमटी
फर्रुखाबाद| पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। फर्रुखाबाद में बीते 12 दिनों से घना कोहरा छाया हुआ है और सूर्यदेव के दर्शन न होने से ठंड के साथ गलन लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को हालात और ज्यादा बिगड़ गए, जब सुबह के समय दृश्यता घटकर महज 15 मीटर तक पहुंच गई। घने कोहरे और शीतलहर के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया।
शहर के प्रमुख मार्गों, मोहल्लों की सड़कों और फर्रुखाबाद–बदायूं समेत अन्य हाईवे पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन फॉग लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से चलते दिखे। कई स्थानों पर कोहरे के कारण जाम जैसी स्थिति भी बनी रही। कड़ाके की ठंड और ठिठुरन ने आम लोगों की दिनचर्या को अस्त-व्यस्त कर दिया है।
कोहरे का असर बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया। सुबह और दोपहर तक बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और सामान्य दिनों की तुलना में खरीदारी के लिए कम लोग घरों से निकले। रेहड़ी-पटरी और फुटपाथ पर काम करने वाले लोगों की संख्या भी घटी नजर आई। मजदूर वर्ग और दिहाड़ी करने वालों को सबसे ज्यादा दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 18 से 25 दिसंबर के बीच फर्रुखाबाद में अधिकतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग का कहना है कि 31 दिसंबर तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और ठंड व कोहरा आगे भी परेशान कर सकता है।
गुरुवार रात करीब 9 बजे से ही कोहरा और घना होने लगा था, जिसके चलते दृश्यता कई इलाकों में घटकर मात्र 10 मीटर रह गई। इसके चलते रोडवेज बसें भी कम यात्रियों के साथ धीमी रफ्तार से संचालित होती नजर आईं। कई यात्रियों ने देरी की शिकायत भी की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती ठंड ने जीना मुश्किल कर दिया है।





