फर्रुखाबाद| सातनपुर मंडी में इन दिनों आलू की आवक तेजी से बढ़ गई है। जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान और व्यापारी आलू बेचने और ढुलाई के लिए ट्रैक्टर व ट्रकों के माध्यम से मंडी पहुंच रहे हैं। आलू की अधिक आवक के चलते सातनपुर मंडी के आसपास की सड़कें लगातार जाम से जूझ रही हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंडी में सुबह से लेकर देर शाम तक ट्रैक्टर-ट्रकों की लंबी कतारें लग जाती हैं। आलू लदे वाहन मंडी रोड पर बेतरतीब तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और यातायात पूरी तरह से बाधित हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर और ट्रक चालक यातायात नियमों को पूरी तरह दरकिनार कर मनमाने ढंग से वाहन चलाते और खड़े करते हैं, जिसके कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है।
स्थिति को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि सातनपुर मंडी रोड पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए न तो कोई ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था की गई है और न ही किसी पुलिसकर्मी की तैनाती रहती है। ऐसे में वाहन चालकों पर कोई नियंत्रण नहीं रहता और जाम की समस्या लगातार बनी रहती है। जाम के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और राहगीरों को घंटों फंसे रहना पड़ता है।
वहीं, एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों को निकलने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार मामूली कहासुनी और विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।ग्रामीणों और मंडी से जुड़े लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सातनपुर मंडी रोड पर स्थायी रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए । यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में जाम की समस्या और विकराल रूप ले सकती






