फर्रुखाबाद| नवाबगंज ब्लॉक क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मई राशिदपुर गांव के एक खेत में 45 वर्षीय मजदूर का लहूलुहान शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और हत्या की जांच शुरू कर दी है।
नवाबगंज ब्लॉक के गांव मई राशिदपुर निवासी सोरवन सिंह बुधवार सुबह मजदूरी करने और पड़ोसी गांव कुतुबुद्दीनपुर में दावत खाने की बात कहकर घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार वह पास के गांव सहसा में मजदूरी करने गए थे, लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात भर खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
गुरुवार सुबह करीब सात बजे गांव का एक युवक खेतों में पानी लगाने के लिए समर सेबिल पर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर गांव निवासी ऋषि नंदन ठाकुर के खेत में पड़े एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उसने शव की पहचान सोरवन सिंह के रूप में की। युवक ने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन शव देखकर फूट-फूटकर रोने लगे, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया।
सूचना मिलने पर कोतवाली कायमगंज के प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। मौके से एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। मृतक की साइकिल गांव मई राशिदपुर निवासी भूरे के खेत में पड़ी हुई मिली, जबकि घटनास्थल से लेकर खेत तक खून के निशान भी पाए गए हैं, जिससे प्रतीत होता है कि हत्या बेहद नजदीक से की गई है।
फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम की प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई कि सोरवन सिंह को तीन गोलियां मारी गई थीं। एक गोली उनकी छाती, दूसरी कमर और तीसरी सिर में लगी थी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। फोरेंसिक साक्ष्य जुटाकर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य भी मौके पर पहुंचे। हल्का प्रभारी जगदीश वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी जांच में जुटे रहे। पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन जांच कर रही है।
मृतक सोरवन सिंह ने अपनी तीन बेटियों की शादी पहले ही कर दी थी। उनका एक बेटा अंकित काम के सिलसिले में दिल्ली में रहता है। घर पर पत्नी पानवती और दो नाबालिग बेटियां काजल (14 वर्ष) और नेहा (13 वर्ष) रह गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस निर्मम हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।






