ट्रेन आते ही बिगड़ती है यातायात व्यवस्था, यात्रियों को भारी परेशानी
फर्रुखाबाद। रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद के मुख्य द्वार के बाहर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्टेशन के बाहर आड़े-तिरछे खड़े ई-रिक्शा आए दिन जाम का कारण बन रहे हैं। खासकर उस समय हालात सबसे ज्यादा बिगड़ जाते हैं, जब कोई यात्री ट्रेन जंक्शन पर पहुंचती है।
जैसे ही ट्रेन से सवारियां उतरकर स्टेशन के बाहर आती हैं, ई-रिक्शा चालकों में यात्रियों को बैठाने की होड़ मच जाती है। चालक अपने-अपने ई-रिक्शा सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े कर देते हैं, जिससे कुछ ही मिनटों में लंबा जाम लग जाता है। जाम की वजह से पैदल यात्रियों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम के दौरान कई बार एम्बुलेंस, ऑटो और निजी वाहन भी फंस जाते हैं, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। स्टेशन क्षेत्र में तैनात यातायात पुलिस या जिम्मेदार विभाग की अनुपस्थिति के चलते हालात और भी बदतर हो जाते हैं।
रेल यात्रियों का कहना है कि स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर यातायात नियंत्रण की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। ई-रिक्शा चालकों द्वारा मनमानी की जा रही है, लेकिन उन्हें रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है। कई यात्रियों ने बताया कि ट्रेन से उतरने के बाद आधे घंटे तक जाम में फंसे रहना आम बात हो गई है।


