कम्पिल| थाना क्षेत्र की सिबारा चौकी क्षेत्र के गौरखेड़ा गांव में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत उस समय हिंसक हो गई, जब दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुल 11 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भिजवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गौरखेड़ा गांव निवासी अखिलेश का अपनी पत्नी प्रीति से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। हाल ही में किसी बात को लेकर फिर से झगड़ा हुआ, जिसके बाद प्रीति ने अपने मायके पक्ष को फोन कर सूचना दी। खबर मिलने पर बदायूं जनपद के बिसोला गांव निवासी प्रीति के परिजन उसकी ससुराल गौरखेड़ा पहुंच गए।
गांव में दोनों पक्षों के लोगों के जुटने पर विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से पंचायत बुलाई गई। पंचायत के दौरान बातचीत चल ही रही थी कि अचानक दोनों पक्षों में गुस्सा बढ़ गया और कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस झड़प में लड़की पक्ष के सात और अखिलेश पक्ष के चार लोग घायल हो गए।
पीड़िता प्रीति ने अपने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग करने का आरोप लगाया है। वहीं घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here