लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसान की मेहनत ही देश की असली ताकत है। जब किसान सर्दी-गर्मी की परवाह किए बिना अपना पसीना धरती मां को अर्पित करता है, तब वही धरती अन्न उत्पादन के रूप में सोना उगलती है। मुख्यमंत्री यह बातें किसान सम्मान दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।
मुख्यमंत्री ने किसानों को किसान समृद्धि योजना के तहत ट्रैक्टर की चाबियां सौंपीं और हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना किया। उन्होंने किसानों के चेहरों पर आई खुशी का उल्लेख करते हुए कहा कि कोई किसान अपनी मां को, तो कोई अपनी पत्नी को ट्रैक्टर में बैठाकर ले जा रहा था—यही किसान की असली ताकत है।
चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती पर पुष्पार्चन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती पर विधान भवन प्रांगण स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद वे किसान सम्मान दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां किसानों, वैज्ञानिकों, एफपीओ और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया।
सीड पार्क अटारी का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने चौधरी चरण सिंह सीड पार्क अटारी, लखनऊ में प्लॉट आवंटन प्रक्रिया का बटन दबाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि उत्तम गुणवत्ता का बीज यदि समय पर किसानों को उपलब्ध हो जाए, तो उत्पादन में 30 प्रतिशत तक वृद्धि संभव है।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार किसान सरकार के एजेंडे का केंद्र बना।
स्वायल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, एमएसपी की गारंटी और बीज से बाजार तक सुविधाओं ने किसानों की दशा और दिशा बदली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले किसान शासन की योजनाओं से दूर था, लेकिन आज हर सरकारी योजना का सीधा लाभ किसान को मिल रहा है। बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। यदि बाजार में किसान को उचित मूल्य नहीं मिलता, तो सरकार उसकी फसल खरीदती है।
धान, गेहूं, चना, सरसों, बाजरा, मक्का जैसी फसलों के उत्पादन में कई गुना वृद्धि हुई है और लागत में कमी आई है।
गन्ना भुगतान में ऐतिहासिक रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1996 से 2017 के बीच 21-22 वर्षों में जितना गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हुआ था, उससे लगभग 75 हजार करोड़ रुपये अधिक राशि बीते 8 वर्षों में किसानों के खातों में डाली गई है।
पेराई सत्र 2025-26 के लिए अगेती गन्ना मूल्य 400 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 8 वर्षों में 20 नए कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनकी संख्या अब 89 हो गई है।
शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी और बहराइच में गन्ना किसानों ने 1000 कुंतल प्रति हेक्टेयर उत्पादन का नया रिकॉर्ड बनाया है। किसानों को तकनीक, समय पर खाद-बीज और प्रशिक्षण मिलेगा तो समृद्धि निश्चित है।
किसान सम्मान दिवस में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, धर्मपाल सिंह, डॉ. संजय निषाद, बलदेव सिंह औलख, गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता सहित भाजपा और रालोद के कई विधायक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here