शीतलहर और कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
– 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ठंड ने भीषण रूप धारण कर लिया है। शीतलहर के साथ घने कोहरे के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों में ठंड को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 25 दिसंबर के बाद ठंड और तेज होने की संभावना है।
प्रदेश के नोएडा से लेकर लखनऊ तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम हो गई। कई स्थानों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर और संतकबीर नगर में ठंड को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है।बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इटावा, शाहजहांपुर और बुलंदशहर में भयंकर ठंड का असर देखने को मिला।कानपुर, गाजियाबाद और बरेली प्रदेश के सबसे ठंडे जिलों में शामिल रहे।
कड़ाके की ठंड के चलते सुबह-सुबह बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। खुले में काम करने वाले मजदूर, रिक्शा चालक और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित दिखे। कई स्थानों पर लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आए।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के कारण आने वाले दिनों में रात का तापमान और नीचे जा सकता है। कोहरे और शीतलहर का असर फिलहाल जारी रहने की संभावना है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि
अनावश्यक रूप से सुबह-शाम बाहर न निकलें,
गर्म कपड़े पहनें और बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें,
कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।


