फर्रुखाबाद| बढ़पुर क्षेत्र स्थित प्रमुख तीर्थ स्थल पांचालघाट पर रविवार सुबह सदर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रजनीकांत ने कर्मचारियों के साथ विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने गंगा घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई की स्थिति देखी और मौजूद कर्मचारियों व स्थानीय लोगों को गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
सफाई अभियान के दौरान एसडीएम ने गंगा नदी में गिर रहे गंदे नालों के पानी पर विशेष चिंता जताई। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि गंगा में आ रहे गंदे नालों को तत्काल प्रभाव से रोका जाए और उन्हें तुरंत बंद कराया जाए, ताकि गंगा जल की पवित्रता और स्वच्छता बनी रह सके। उन्होंने कहा कि गंगा नदी को प्रदूषण से बचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम रजनीकांत ने बताया कि आगामी 3 जनवरी 2026 से श्री रामनगरिया क्षेत्र में माघ मेला आयोजित होना है। इस मेले में लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए फर्रुखाबाद पहुंचेंगे। इसके साथ ही साधु-संतों और कल्पवासियों का गंगा तट पर आगमन भी शुरू हो गया है। ऐसे में घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करना बेहद जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि गंगा घाटों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर चालान काटने के साथ-साथ कठोर कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। एसडीएम ने आमजन से भी अपील की कि वे गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और गंगा को स्वच्छ व निर्मल बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।




