लखनऊ| बिजली की नई वर्टिकल व्यवस्था के तहत लखनऊ मध्य जोन में उपभोक्ता सेवा को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए एक नया प्रयोग शुरू किया गया है। इस व्यवस्था में बिजली विभाग की मातृ-शक्तियों को उन उपभोक्ता समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनका ऑनलाइन निस्तारण संभव नहीं हो पा रहा है। इस पहल से न केवल उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है, बल्कि विभाग की कार्यप्रणाली में भी भरोसा और पारदर्शिता बढ़ी है।
अधीक्षण अभियंता (कॉमर्शियल) मुकेश त्यागी ने बताया कि कनेक्शन का नाम परिवर्तन, नाम की स्पेलिंग में संशोधन, बिजली कनेक्शन का स्थायी विच्छेदन (पीडी), स्मार्ट मीटर के तेज चलने की शिकायत पर चेक मीटर लगवाना और विद्युत लोड घटाने-बढ़ाने जैसी कई सेवाएं अभी ऑनलाइन सहजता से उपलब्ध नहीं हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए उपभोक्ताओं को पहले काफी परेशान होना पड़ता था, लेकिन अब इनका ऑफलाइन निस्तारण उपभोक्ता सेवा सेल में तैनात मातृ-शक्तियों द्वारा तेजी और संवेदनशीलता के साथ किया जा रहा है।
उपभोक्ता सेवा सेल में नीलम यादव, प्रियंका जोशी, रेखा भट्ट और आत्मीन फातिमा रोजाना बड़ी संख्या में आने वाले उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनकर उनका समाधान कर रही हैं। इनके प्रयास से प्रतिदिन करीब 50 शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है। अब तक 1250 से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन का नाम परिवर्तन, लोड में बदलाव और चेक मीटर लगाने जैसे कार्य पूरे किए जा चुके हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद उपभोक्ता को एक शिकायत संख्या दी जाती है, जिसके माध्यम से वह अपनी समस्या की स्थिति जान सकता है और समाधान की सूचना भी प्राप्त कर सकता है।
हुसैनगंज स्थित वर्टिकल कार्यालय में आने वाले उपभोक्ताओं की पहली मुलाकात टोकन वीमेन शांति देवी से होती है। वह उपभोक्ताओं का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज कर उन्हें टोकन नंबर जारी करती हैं। इसी टोकन के आधार पर उपभोक्ता सेवा सेल में उनकी सुनवाई होती है, जिससे अव्यवस्था से बचाव होता है और हर उपभोक्ता को क्रमवार सेवा मिलती है।
लखनऊ मध्य जोन की मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल ने बताया कि वर्टिकल कार्यालय परिसर में प्रतिदिन 200 से 250 वाहन आते हैं। इनकी पार्किंग व्यवस्था सुचारू रखने की जिम्मेदारी आशा सिंह को सौंपी गई है। वह गलत तरीके से वाहन खड़े करने वालों को सख्ती से निर्देश देकर सही स्थान पर पार्किंग कराती हैं, जिससे परिसर में जाम और अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनती।
अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ता सेवा एक अत्यंत संवेदनशील कार्य है, जिसमें विश्वसनीयता और पारदर्शिता सबसे अहम होती है। इसी सोच के तहत वर्टिकल सिस्टम में कॉमर्शियल विंग में महिलाओं की तैनाती की गई है। इससे न केवल शिकायतों का निष्पक्ष समाधान हो रहा है, बल्कि उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है। बिजली विभाग का यह नया प्रयोग अब अन्य जोनों के लिए भी मिसाल बनता नजर आ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here