फर्रुखाबाद। एशिया में सबसे अधिक राजस्व देने वाली आलू मंडी सातनपुर में बुधवार को आलू के दामों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मंडी में आलू का भाव 271 रुपए से लेकर 381 रुपए प्रति पैकेट तक दर्ज किया गया। वहीं बुधवार को मंडी में करीब 100 मोटर आलू की आवक रही, जिससे बाजार में आपूर्ति का दबाव बना रहा।
व्यापारियों के अनुसार लगातार हर रोज आलू की आवक बढ़ने से कीमतों पर असर पड़ रहा है। अधिक आवक के चलते भाव में गिरावट की स्थिति बन रही है, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ती जा रही हैं। किसानों का कहना है कि लागत के अनुपात में उन्हें अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जबकि मेहनत और खर्च लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सातनपुर और आसपास के क्षेत्रों में इस बार आलू की पैदावार काफी अच्छी हुई है। उत्पादन अधिक होने के कारण मंडी में आलू की भरमार बनी हुई है, जिसका सीधा असर दामों पर पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में आलू की पैदावार अत्यधिक होने के बावजूद उन्हें उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जबकि आलू जिले की प्रमुख नकदी फसलों में से एक है।
मंडी के जानकारों का मानना है कि यदि आवक इसी तरह बढ़ती रही तो आने वाले दिनों में आलू के भाव में और गिरावट देखने को मिल सकती है। ऐसे में किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि आलू भंडारण, निर्यात और समर्थन मूल्य जैसी व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जाए, ताकि उन्हें उनकी उपज का वाजिब दाम मिल सके और आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।


