सहारनपुर। अंडर-16 टीम में चयन न होने से कभी निराश होकर क्रिकेट छोड़ने का मन बनाने वाले प्रशांतवीर ने आज संघर्ष और मेहनत से बड़ी पहचान बना ली है। आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा, जिससे सहारनपुर और अमेठी क्रिकेट जगत में खुशी की लहर दौड़ गई।

प्रशांतवीर के कोच राजीव गोयल उर्फ टप्पू ने बताया कि असफलता के बाद प्रशांतवीर टूट गए थे, लेकिन उन्हें हौसला देकर दोबारा मेहनत के लिए प्रेरित किया गया। मूल रूप से अमेठी निवासी प्रशांतवीर पहले मैनपुरी स्पोर्ट्स हॉस्टल में प्रशिक्षण ले रहे थे। बेहतर तैयारी के लिए वह सहारनपुर आए, जहां से उनके करियर को नई दिशा मिली।

अंडर-16 में चयन न होने के बाद उन्होंने दिन-रात अभ्यास किया। अंडर-19 में चयन के साथ ही वह यूपी के सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया।

वर्तमान में प्रशांतवीर यूपी रणजी टीम के खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन मोहम्मद अकरम और कोच राजीव गोयल को दिया है। बाएं हाथ के बल्लेबाज और स्पिन गेंदबाज प्रशांतवीर को उनके लंबे शॉट्स के लिए जाना जाता है और कई खिलाड़ी उनकी तुलना दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर से करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here