अमेठीl गर्व और खुशी का क्षण उस समय सामने आया जब जिले के होनहार क्रिकेटर प्रशांत वीर ने आईपीएल 2026 की तैयारियों के बीच अबू धाबी में हुई मिनी नीलामी में इतिहास रच दिया। प्रशांत वीर टूर्नामेंट के अब तक के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बने, जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने 14.20 करोड़ रुपये की बड़ी राशि में अपनी टीम में शामिल किया। इस उपलब्धि के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने अमेठी की पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से प्रशांत वीर के पिता रामेंद्र त्रिपाठी की फोन पर बातचीत कराई, जिसमें स्मृति ईरानी ने प्रशांत वीर की मेहनत और सफलता की खुलकर सराहना की और पूरे परिवार को बधाई दी।

फोन पर हुई बातचीत के दौरान स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रशांत वीर ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है, जो अमेठी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही वह अमेठी आएंगी, प्रशांत वीर के घर पहुंचकर परिवार से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगी। स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रशांत वीर की सफलता यह संदेश देती है कि छोटे गांवों से निकलकर भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।

भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि प्रशांत वीर उनके घर के काफी समीप के हैं और उनके परिवार से पुराना पारिवारिक संबंध रहा है। उन्होंने बताया कि लोकल क्रिकेट प्रतियोगिताओं के दौरान उन्होंने कई बार प्रशांत वीर को खेलते हुए देखा था और तभी से उनकी प्रतिभा साफ झलकने लगी थी। जिलाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि अब बहुत जल्द प्रशांत वीर को आईपीएल के मैदान में खेलते हुए देखा जाएगा और वह दिन भी दूर नहीं जब वह देश के लिए खेलते हुए अमेठी का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशांत वीर की सफलता जिले के युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है और ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग मिलना चाहिए।

संग्रामपुर विकासखंड के गूजीपुर गांव निवासी प्रशांत वीर की इस ऐतिहासिक कामयाबी से न सिर्फ उनके पैतृक गांव बल्कि पूरे जिले और प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रशांत वीर की प्राथमिक शिक्षा ब्लॉक संग्रामपुर स्थित भारद्वाज एकेडमी और केपीएस स्कूल से हुई। बचपन से ही उनमें क्रिकेट के प्रति गहरी रुचि दिखाई देने लगी थी। शहर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में तैनात क्रिकेट कोच गालिब अंसारी के मार्गदर्शन में उन्होंने क्रिकेट की विधिवत तैयारी शुरू की, जहां उनकी प्रतिभा को सही दिशा मिली।

प्रतिभा को निखारने के बाद उनका चयन स्पोर्ट्स हॉस्टल मैनपुरी में हुआ, जहां से उन्होंने कक्षा नौ और दस की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने सहारनपुर से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। प्रशांत वीर स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया की अंडर-19 टीम में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं और हाल ही में उनका चयन रणजी ट्रॉफी के लिए भी हो चुका है। आईपीएल जैसी बड़ी लीग में इतनी बड़ी बोली लगना यह साबित करता है कि प्रशांत वीर में भविष्य का बड़ा सितारा बनने की पूरी क्षमता है। उनकी यह उपलब्धि अमेठी के युवाओं को सपने देखने और उन्हें पूरा करने की नई प्रेरणा दे रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here