विरार बिल्डर हत्याकांड में बड़ा खुलासा, छह दिन की पुलिस हिरासत
मुंबई/फर्रुखाबाद। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी बताए जा रहे कुख्यात गैंगस्टर सुभाष सिंह ठाकुर को मुंबई पुलिस ने विरार के चर्चित बिल्डर हत्याकांड में संलिप्त पाए जाने पर हिरासत में ले लिया है। पूरी कार्रवाई को अत्यंत गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया, ताकि आरोपी के नेटवर्क को सतर्क होने का कोई मौका न मिल सके।
मिली जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी 2022 को मुंबई के विरार स्थित मनवेलपाड़ा क्षेत्र में दिनदहाड़े बिल्डर समय चौहान की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए व्यापक जांच शुरू की, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्या में कुल 13 आरोपियों की संलिप्तता है। जांच एजेंसियों के अनुसार, हत्या की पूरी साजिश कुख्यात गैंगस्टर सुभाष सिंह ठाकुर के इशारे पर रची गई थी। उस समय ठाकुर उत्तर प्रदेश की जेल में बंद था, बावजूद इसके वह वसई–विरार क्षेत्र के बिल्डरों से संगठित तरीके से खंडनी वसूली कर रहा था।
बताया गया कि मृतक बिल्डर समय चौहान विरार क्षेत्र में करीब 11 इमारतों का निर्माण करा रहा था। सुभाष सिंह ठाकुर ने प्रत्येक निर्माण परियोजना के लिए लाखों रुपये की खंडनी की मांग की थी। जब बिल्डर ने रकम देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने अपने गुर्गों के माध्यम से उसकी हत्या करवा दी।
पुलिस के अनुसार, सुभाष सिंह ठाकुर जेजे हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहा था। वर्ष 2019 से वह इलाज के नाम पर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती था। वर्ष 2024 में उसे दोबारा फतेहगढ़ सेंट्रल जेल भेजा गया। इसके बाद मुंबई पुलिस ने विरार बिल्डर हत्याकांड में उसकी भूमिका को लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कस्टडी लेने की तैयारी की।
सोमवार देर रात मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की विशेष टीम फतेहगढ़ सेंट्रल जेल पहुंची और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सुभाष सिंह ठाकुर को हिरासत में लिया। कड़ी सुरक्षा के बीच उसे विमान के जरिए मुंबई लाया गया। मंगलवार सुबह आरोपी को ठाणे न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
फतेहगढ़ सेंट्रल जेल के जेलर करुणेंद्र कुमार ने पुष्टि की कि बंदी सुभाष सिंह ठाकुर को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत मुंबई पुलिस अपने साथ ले गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान खंडनी नेटवर्क और संगठित अपराध से जुड़े कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं। इस कार्रवाई के बाद अंडरवर्ल्ड और संगठित अपराध से जुड़े तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।





