ठेकेदार की लापरवाही से बाल-बाल बचे चालक, स्थानीय निवासी को हजारों का नुकसान
फर्रुखाबाद। नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की हकीकत एक बार फिर सामने आ गई है। मोहल्ला लाल दरवाजा में नाला सफाई के दौरान शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। ठेकेदार की घोर लापरवाही और घटिया निर्माण के चलते नाले की दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे भारी भरकम जेसीबी मशीन सीधे नाले में जा गिरी।
घटना शनिवार रात लगभग 11:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात के अंधेरे में जबरन बड़ी जेसीबी मशीन से नाला सफाई कराई जा रही थी। इसी दौरान नाले की कमजोर और जर्जर दीवार दबाव नहीं झेल सकी और अचानक ढह गई। देखते ही देखते जेसीबी नाले में समा गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के समय जेसीबी चालक कन्हैया मशीन में मौजूद था। गनीमत रही कि चालक की सतर्कता और किस्मत के चलते वह गंभीर रूप से घायल होने से बच गया। यदि जरा-सी चूक हो जाती, तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
इस हादसे में मोहल्ला निवासी दीपक सिंह के मकान को भारी क्षति पहुंची। उनके घर की लकड़ी से बनी तैयार खिड़की की चौखट (शीशे सहित) और घर के सामने बनी पुलिया की रेलिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित का कहना है कि उसे करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन अभी तक पालिका या ठेकेदार की ओर से कोई मदद नहीं दी गई।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मोहल्लेवासियों का कहना है कि हर साल नाले की दीवार का निर्माण कराया जाता है, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता इतनी खराब होती है कि वह एक बरसात भी नहीं झेल पाती। जगह-जगह दीवारें टूट चुकी हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
लोगों का आरोप है कि बीते करीब एक वर्ष से नाले की सफाई नहीं कराई गई, जिससे पूरे क्षेत्र में गंदगी, बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया था। लाल दरवाजा क्षेत्र के लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर थे। इस समस्या को लेकर कई बार चेयरमैन और सभासद से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खुले नाले की जगह यदि सीवर पाइप लाइन डाली जाए, तो समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी ठेकेदार व अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई, तथा पीड़ितों को नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।




