आगरा। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी आगरा में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आगरा किले के सामने और आसपास संचालित दर्जनों फूड स्टॉलों पर खुलेआम घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है।
जानकारी के अनुसार, आगरा किले के मुख्य प्रवेश मार्ग के सामने और आसपास दर्जनों अस्थायी फूड स्टॉल संचालित हैं। यहां चाय, नाश्ता और फास्ट फूड की दुकानें लगाई जाती हैं, जहां व्यावसायिक गैस सिलेंडर की जगह घरेलू सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि रक्षा संपदा विभाग (DEO) की पार्किंग भूमि में भी बड़ी संख्या में फूड स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्थानों पर न तो अग्नि सुरक्षा के मानक पूरे किए जा रहे हैं और न ही किसी प्रकार की आपात व्यवस्था मौजूद है।
नियमों के अनुसार व्यावसायिक गतिविधियों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर का प्रयोग प्रतिबंधित है, लेकिन यहां नियमों को दरकिनार कर सिलेंडरों का खुलेआम इस्तेमाल किया जा रहा है।
स्थिति और भी खतरनाक तब हो जाती है, जब ये सिलेंडर पेट्रोल, CNG और LPG से चलने वाले वाहनों के बीच रखे जाते हैं।
आगरा किला प्रतिदिन हजारों देशी-विदेशी पर्यटकों की आवाजाही वाला क्षेत्र है। ऐसे में गैस रिसाव, आग लगने की घटना, सिलेंडर फटने का खतरा जैसी संभावनाएं भारी तादाद में मौजूद पर्यटकों की जान के लिए बड़ा जोखिम बन सकती हैं।
स्थानीय लोगों और पर्यटक गाइडों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही। यदि समय रहते रोकथाम नहीं की गई, तो कोई भी छोटी चूक बड़े हादसे में बदल सकती है।
आगरा जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल पर इस तरह की लापरवाही न सिर्फ पर्यटकों की सुरक्षा, बल्कि देश की छवि के लिए भी खतरा है। अब सवाल यह है कि प्रशासन कब जागेगा और घरेलू गैस के अवैध उपयोग पर सख्त कार्रवाई करेगा।


