किसान कल्याण मिशन के प्रगतिशील किसान सम्मेलन में नवाचार अपनाने वाले कृषकों को किया सम्मानित**
बाराबंकी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) आज जनपद बाराबंकी (Barabanki) के ग्रामसभा दौलतपुर पहुंचे, जहां उन्होंने ‘किसान कल्याण मिशन’ के तहत आयोजित प्रगतिशील किसान सम्मेलन में कृषक पाठशाला के 8वें संस्करण का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक, नवाचार और सरकारी योजनाओं के समन्वय से किसान को बड़ी आर्थिक ताकत मिल सकती है।
मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न कृषि स्टॉलों का निरीक्षण किया। यहां किसानों द्वारा प्रदर्शित आधुनिक खेती तकनीक,ड्रिप सिंचाई,जैविक खेती मॉडल,उन्नत किस्मों के बीज,कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी को देखकर उन्होंने किसानों की मेहनत और नवाचार की उच्च प्रशंसा की। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश कृषि नवाचार में तेजी से आगे बढ़ रहा है, और किसान नए प्रयोगों के साथ अपनी आय बढ़ाने में सफल हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को सम्मानित किया, विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत चेक वितरित किए, और कुछ लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी स्वयं हाथों से सौंपी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना और खेती को आधुनिक स्वरूप देना है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कृषक पाठशाला किसानों को नवीन तकनीक,फसल प्रसंस्करण,उर्वरक उपयोग,कीट प्रबंधन, और बाजार उपलब्धता के बारे में प्रत्यक्ष प्रशिक्षण देती है।
इससे उत्पादन भी बढ़ता है और लागत में भी कमी आती है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि किसानों के हितों की सुरक्षा और समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से है। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण मिशन राज्य में कृषि विकास को नई दिशा दे रहा है और यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।


