दोहरी वोटर एंट्री से लेकर विस्थापित मतदाताओं तक—सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी उजागर
लखनऊ। राजधानी लखनऊ की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। विशेष पुनरीक्षण (SIR) रिपोर्ट में पाया गया कि मतदाता सूची में 1,26,000 मृतकों के नाम दर्ज थे। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इन सभी नामों को अब सूची से हटा दिया गया है।
सुधार के बाद राजधानी की वर्तमान मतदाता संख्या 39,94,535 हो गई है। जिला प्रशासन का कहना है कि मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और अपडेटेड करने के लिए व्यापक तकनीकी और फील्ड वेरिफिकेशन किया गया।
SIR जांच में सबसे गंभीर अनियमितताओं में से एक थी 45,000 दोहरी वोटर एंट्री, जिसे तुरंत ठीक किया गया। अधिकारियों के अनुसार, कई लोगों के नाम एक से अधिक वार्डों में दर्ज पाए गए थे।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि कुल 5.12 लाख मतदाता विस्थापित पाए गए, जिनके पते बदल चुके हैं या वे वर्तमान स्थान पर निवास नहीं कर रहे। संबंधित BLOs को इनके पुनः सत्यापन के निर्देश दिए गए है।
मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित की जाए, ताकि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।
प्रशासन का दावा है कि अब सूची पहले से अधिक साफ, अद्यतन और विश्वसनीय है।


