लखनऊ| विमान सेवाओं में लगातार जारी अव्यवस्था और उड़ानों के बड़े पैमाने पर निरस्तीकरण के बीच पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और राहत के लिए विशेष कदम उठाते हुए रविवार से गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) वाया लखनऊ एक विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। उड़ानें रद्द होने से प्रभावित हजारों यात्रियों को इससे वैकल्पिक साधन मिलेगा और उनकी यात्रा कुछ हद तक सुगम हो सकेगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 05587 गोरखपुर–एलटीटी विशेष गाड़ी 7 दिसंबर को रात 11:25 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन बस्ती, गोंडा होते हुए गोमतीनगर स्टेशन पर सुबह 4:35 बजे, बादशाहनगर पर सुबह 5:10 बजे, और ऐशबाग स्टेशन पर सुबह 5:55 बजे पहुंचेगी। आगे यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, भुसावल, नासिक, इगतपुरी और कल्याण के रास्ते लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर सुबह 9 बजे पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में 05588 एलटीटी–गोरखपुर स्पेशल 9 दिसंबर को सुबह 11 बजे एलटीटी से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन भी वही प्रमुख स्टेशन कवर करते हुए ऐशबाग दोपहर 1:45 बजे, बादशाहनगर 2:12 बजे, गोमतीनगर 2:55 बजे तथा गोरखपुर रात 8:15 बजे पहुंचेगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में स्लीपर के 4, थर्ड एसी के 8, सेकेंड एसी के 2 और फर्स्ट एसी का 1 कोच लगाया गया है, ताकि लंबी दूरी के यात्रियों को पर्याप्त जगह और आराम उपलब्ध हो सके।
1420 यात्रियों ने टिकट रद्द किए, एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल
इधर, हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की दिक्कतें शनिवार को भी कम नहीं हुईं। अमौसी एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइन की उड़ानों के निरस्तीकरण का संकट चरम पर रहा।
शनिवार को कुल 41 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें से 21 उड़ानें लखनऊ आने वाली थीं, जबकि 20 उड़ानें लखनऊ से दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर, कोलकाता, पटना, बेंगलूरू और हैदराबाद जाने वाली थीं।
स्थिति इतनी गंभीर रही कि कुल 1420 यात्रियों ने मजबूर होकर अपने टिकट रद्द कराए। वहीं, विभिन्न एयरलाइंस की दर्जनभर उड़ानें समय से कई घंटे देरी से पहुंचीं, जिससे लगभग 12 हजार से अधिक यात्रियों और उनके परिजनों को भारी असुविधा और बेचैनी का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट परिसर में सुबह से ही अव्यवस्था की स्थिति देखने को मिली। यात्रियों को न उड़ानों की स्पष्ट जानकारी मिल सकी और न ही उनके गंतव्य के लिए वैकल्पिक व्यवस्था। इंडिगो के काउंटर पर लंबी कतारें लगी रहीं, जिसमें बुजुर्ग, महिलाएं, छोटे बच्चे और बीमार यात्री तक घंटों परेशान होते रहे।
डीजीसीए द्वारा जारी पायलट ड्यूटी नियमों पर इंडिगो एयरलाइन के प्रशासन द्वारा जताई गई असहमति के कारण देशभर में हजारों उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। इसी क्रम में लखनऊ एयरपोर्ट पर भी शनिवार को उड़ानें रद्द और विलंबित रहीं।
कई उड़ानें डायवर्ट, कई घंटे देरी से पहुंचीं
लखनऊ आने वाली इंडिगो की दो प्रमुख उड़ानें—6ई-2107 और 6ई-6350—को पटना और कोलकाता भेजना पड़ा।
इसके अलावा दिल्ली से लखनऊ आने वाली उड़ान 6ई-6614 ढाई घंटे देरी से पहुंची, जबकि लखनऊ से दिल्ली के लिए 6ई-6615 सवा दो घंटे की देरी से उड़ान भर सकी।
मुंबई, बेंगलूरू, चेन्नई और हैदराबाद रूट की उड़ानें भी देरी के असर से अछूती नहीं रहीं।
मुंबई की अकासा एयर की उड़ान एकेजे-1526 सवा घंटे देर से चली, जबकि इंडिगो की 6ई-2441 डेढ़ घंटे, 6ई-6937 तीन घंटे और 6ई-2442 डेढ़ घंटे लेट पहुंचीं।
बेंगलूरू की एयर इंडिया की उड़ान आईएक्स-2049 करीब एक घंटे 20 मिनट देरी का शिकार हुई।
ये प्रमुख उड़ानें रहीं रद्द
6ई-758 : लखनऊ–दिल्ली
एआई-1824 : लखनऊ–दिल्ली
6ई-515 : लखनऊ–देहरादून
6ई-6222 : लखनऊ–मुंबई
6ई-2292 : लखनऊ–दिल्ली
6ई-435 : लखनऊ–बेंगलूरू
6ई-6615 : लखनऊ–दिल्ली
6ई-518 : लखनऊ–चेन्नई
6ई-6552 : लखनऊ–चंडीगढ़
6ई-118 : लखनऊ–पुणे
6ई-5201 : लखनऊ–मुंबई
6ई-6469 : लखनऊ–कोलकाता
6ई-6166 : लखनऊ–हैदराबाद
6ई-142 : लखनऊ–अहमदाबाद
6ई-2108 : लखनऊ–हैदराबाद
6ई-505 : लखनऊ–कोलकाता
6ई-2026 : लखनऊ–दिल्ली
6ई-146 : लखनऊ–गुवाहाटी
6ई-608 : हैदराबाद–लखनऊ


