केंद्र से लौटते ही बड़ी जिम्मेदारी: कामिनी चौहान रतन को राज्य कर विभाग की प्रमुख सचिव की कमान

0
31

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को महत्वपूर्ण प्रशासनिक reshuffle करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कामिनी चौहान रतन को प्रमुख सचिव, राज्य कर (Commercial Tax) के पद की जिम्मेदारी सौंप दी है। इससे पहले इस पद का कार्यभार आईएएस एम. देवराज संभाल रहे थे। लंबे समय बाद प्रदेश सरकार ने राज्य कर जैसे महत्वपूर्ण विभाग में महिला आईएएस अधिकारी की नियुक्ति की है, जिसे वित्तीय प्रबंधन और कर प्रणाली के सुधार से जोड़कर देखा जा रहा है।

आईएएस कामिनी चौहान रतन 1997 बैच की अधिकारी हैं। उनका जन्म 13 जुलाई 1971 को दिल्ली में हुआ। उन्होंने बीकॉम, एलएलबी और एलएलएम की उच्च शिक्षा ग्रहण की है। अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत से ही वे तेजतर्रार निर्णय क्षमता और बेदाग छवि के लिए जानी जाती हैं। मेरठ की पहली महिला जिलाधिकारी बनने का गौरव भी उन्हें प्राप्त है। इसके अलावा वे अयोध्या, आगरा, लखनऊ सहित कई महत्वपूर्ण जिलों और विभागों में अपनी कार्यकुशलता का प्रदर्शन कर चुकी हैं।

पिछले तीन वर्ष से वे केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर थीं, जहां उन्हें पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार का दायित्व सौंपा गया था। इस पद पर रहते हुए उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में अपनी भूमिका निभाई।

व्यक्तिगत जीवन में भी कामिनी चौहान रतन प्रशासनिक जगत में चर्चित रही हैं। उनके पति, 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक रतन, यूपी कैडर के एक होनहार अधिकारी थे। दीपक रतन मूल रूप से भोपाल के निवासी थे और यूपी में अलीगढ़ रेंज के आईजी के रूप में कार्य कर चुके थे। दोनों ने यूपीएससी की तैयारी के दौरान प्रेम विवाह किया था। दुर्भाग्यवश केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीआरपीएफ में तैनाती के दौरान हृदयाघात से उनका निधन हो गया था।

कामिनी चौहान रतन अपने जुड़वां बच्चों अर्शिया और अर्णव की देखभाल के साथ उच्च प्रशासनिक जिम्मेदारियों को संतुलित तरीके से निभाने के लिए जानी जाती हैं। उनकी इस नई नियुक्ति को प्रदेश की कर व्यवस्था को और अधिक सशक्त और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here