लखनऊ एयरपोर्ट पर उड़ानों का संकट, यात्रियों का सब्र टूटा

0
27

इंडिगो की 12 फ्लाइट रद्द, घंटों की देरी पर गुस्साए लोग
लखनऊ| चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर गुरुवार को पूरे दिन अव्यवस्था का माहौल रहा। इंडिगो एयरलाइन की 12 उड़ानें रद्द होने और कई के घंटों देरी से चलने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शाम से एयरपोर्ट पहुंचे कई लोग देर रात तक फंसे रहे और लगातार अनिश्चितता के चलते हताश दिखे।
यात्रियों का कहना था कि एयरलाइन की ओर से न तो देरी की सही जानकारी दी गई, न ही कैंसिलेशन का अलर्ट समय पर भेजा गया। रात होते-होते यात्रियों का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने एयरपोर्ट लॉबी में डीजीसीए और एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कई यात्रियों ने कहा कि मीटिंग, होटल बुकिंग और आगे की यात्रा योजनाएं पूरी तरह बिगड़ गईं।
बेंगलुरु, पुणे, दम्माम, कोलकाता और हैदराबाद जैसे रूटों की उड़ानों में 3 से 5 घंटे तक की देरी दर्ज की गई। कई उड़ानें रात 2 बजे के बाद रवाना हुईं, जबकि यात्री शाम 7 बजे से एयरपोर्ट पर बैठे इंतजार करते रहे। गोवा और दम्माम से आने वाली उड़ानें भी आधी रात के बाद पहुंचीं, जिससे आगमन क्षेत्र में भी भीड़ बढ़ती गई।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट संचालन में आई सबसे बड़ी बाधा इंडिगो पायलटों और क्रू की उपलब्धता में कमी है। प्रबंधन द्वारा 8 घंटे की जगह 12 घंटे ड्यूटी का निर्देश दिए जाने से पायलट असहमत हैं और तय सीमा से अधिक ड्यूटी करने को तैयार नहीं। इसी वजह से क्रू शेड्यूल बिगड़ा और उड़ानें लगातार प्रभावित होती रहीं।
अहमदाबाद हादसे के बाद लागू डीजीसीए के नए नियमों ने भी इंडिगो के ऑपरेशन पर अतिरिक्त दबाव डाला है। नए एफडीटीएल नियमों के तहत पायलटों के उड़ान समय और आराम अवधि में बदलाव किया गया है, जिससे एयरलाइन के पास अचानक पर्याप्त क्रू नहीं बचा। नवंबर में इंडिगो की 1200 से अधिक उड़ानें प्रभावित रहीं, जिनमें सबसे ज्यादा असर इन्हीं नियमों के कारण पड़ा।
एयरलाइन का कहना है कि तकनीकी दिक्कतों, मौसम, नेटवर्क स्लो और नए ड्यूटी टाइम नियमों के चलते संचालन बाधित हुआ है। कंपनी ने दावा किया है कि कुछ दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी, लेकिन लगातार हो रहे कैंसिलेशन से यात्रियों में नाराजगी कम होने का नाम नहीं ले रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here