24 C
Lucknow
Tuesday, February 10, 2026

धनुष–कृति की ‘तेरे इश्क में’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाई सनसनी, पहले वीकेंड में बरपा दी कमाई की आंधी

Must read

आनंद एल राय के निर्देशन में बनी ‘तेरे इश्क में’ इस समय भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अपनी तूफ़ानी रफ्तार के लिए सुर्खियों में है। रिलीज़ के बाद से ही फिल्म ने दर्शकों का ऐसा दिल जीता कि पहले ही वीकेंड में टिकट खिड़कियों पर लगातार भीड़ उमड़ती रही। गहरा इमोशन, संगीत का जादू और कलाकारों का दमदार अभिनय फिल्म को इस साल की सबसे चर्चित रिलीज़ में बदल रहे हैं।

यूथ इंडिया (सूर्या अग्निहोत्री)

मुंबई। साउथ के सुपरस्टार धनुष और बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन की जोड़ी पहली बार बड़े परदे पर एक नई तरह की प्रेमकथा लेकर आई है, जिसने आने से पहले ही सोशल मीडिया पर काफी हलचल मचा दी थी। फिल्म के ट्रेलर, गाने और संवादों ने युवाओं के बीच खासा प्रभाव छोड़ा था, जिसके चलते फिल्म के पहले दिन से ही सिनेमाघरों में शानदार रौनक देखने को मिली।

फिल्म 28 नवंबर को रिलीज़ हुई और शुरुआत से ही बॉक्स ऑफिस पर उसकी पकड़ मजबूत दिखाई दी। कई मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन थियेटरों में पहले दिन से शो भरने लगे। जिस तरह से दर्शकों ने पहले दिन 16 करोड़ की ओपनिंग देकर फिल्म का स्वागत किया, उसने इंडस्ट्री के ट्रेड पंडितों को भी चौंका दिया।

दूसरे दिन शनिवार को भी फिल्म ने अपनी गति कायम रखी और 17 करोड़ की ठोस कमाई कर यह साबित कर दिया कि यह सिर्फ एक भावनात्मक प्रेमकथा ही नहीं, बल्कि दर्शकों के मूड से जुड़ी संवेदनाओं को छू लेने वाला अनुभव है। रविवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया। Sacnilk की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने तीसरे दिन 18.75 करोड़ का संग्रह किया, जिससे इसका कुल शुरुआती वीकेंड कलेक्शन 51.75 करोड़ के आंकड़े पर जा पहुँचा।

इस तरह महज तीन दिनों में पचास करोड़ का आंकड़ा पार कर लेना फिल्म की लोकप्रियता और इसके कंटेंट की ताकत को दर्शाता है। दर्शक न केवल अभिनय की तारीफ कर रहे हैं बल्कि कई जगहों पर फिल्म के भावुक और तीखे दृश्यों पर लोग तालियाँ बजाते देखे गए। सोशल मीडिया पर भी फिल्म से जुड़े सीन्स, डायलॉग और गानों के क्लिप लगातार वायरल हो रहे हैं।

‘तेरे इश्क में’ को ‘रांझणा’ यूनिवर्स का विस्तार माना जा रहा है। निर्देशक आनंद एल राय की संवेदनशील कहानी कहने की शैली और किरदारों की गहरी परतें इस फिल्म को पहले से जोड़ती हैं। वही लाल गलियों, घाटों और भीड़भाड़ वाली सड़कों में फिल्माई गई दिल्ली की लोकेशन्स कहानी को यथार्थ के बेहद करीब ले जाती हैं।

कहानी शंकर और मुक्ति के बीच पनपते प्रेम और उससे जुड़े दर्द, त्याग और घृणा की कड़वाहट से गुजरती है। कृति सेनन का किरदार मुक्ति एक संवेदनशील, शिक्षित और भावनात्मक रूप से मजबूत लड़की के रूप में उभरता है। दूसरी ओर धनुष का शंकर प्यार में टूटकर बदले की आग में जलता ऐसा युवा है जिसे दुनिया का कोई कानून, कोई नियम रोक नहीं पाता। उनकी कहानी सिर्फ इश्क तक सीमित नहीं रहती, बल्कि जुनून, प्रतिशोध और बिखरते रिश्तों की गहराई तक उतरती जाती है।

दिल टूटने के बाद शंकर का खालीपन और उसके भीतर उठती हिंसक बेचैनी कहानी को एक नए मोड़ पर ले जाती है। यह वही बिंदु है जहाँ फिल्म अपने सबसे प्रभावशाली स्वरूप में नज़र आती है—जुनून, पागलपन और बेइंतहा मोहब्बत की टकराहट दर्शकों के दिल पर गहरा असर छोड़ती है।

फिल्म के संगीत ने भी इसकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। एआर रहमान की धुनें न सिर्फ कहानी को आगे बढ़ाती हैं बल्कि भावनाओं का संपूर्ण वातावरण तैयार करती हैं। कई दर्शक थिएटर से बाहर निकलते हुए गीत-संगीत की तारीफ करते नजर आए। खासकर बैकग्राउंड स्कोर को फिल्म की सबसे बड़ी ताकतों में से एक माना जा रहा है।

ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि फिल्म की यह रफ्तार यदि ऐसे ही बनी रही, तो आने वाले दिनों में फिल्म आसानी से 100 करोड़ क्लब में पहुँच सकती है। सप्ताह के दिनों में कमाई थोड़ी स्थिर रहेगी, लेकिन दूसरे वीकेंड में एक बार फिर उछाल की पूरी उम्मीद है। कई शहरों में एडवांस बुकिंग पहले से ही तेजी पकड़ चुकी है।

सिनेमा प्रेमियों का कहना है कि ‘तेरे इश्क में’ सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि इमोशन्स की गहराइयों में उतरती एक परिपक्व फिल्म है। यह प्यार की खूबसूरती के साथ-साथ उसके अंधेरे रूप को भी बेहद सशक्त तरीके से परदे पर दिखाती है, जो इसे इस साल की सबसे यादगार फिल्मों में शामिल करता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article