दिसंबर की शुरुआत में महंगाई-राहत का मिश्रित असर, कई वित्तीय फैसलों से आम लोगों की जेब पर पड़ेगा प्रभाव

0
30

नई दिल्ली। साल 2025 का अंतिम महीना दिसंबर आम लोगों के लिए मिली-जुली राहत और महंगाई लेकर शुरू हुआ है। जहां कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 10 रुपये घटा दिए गए हैं, वहीं एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) के महंगा होने से हवाई यात्रा की लागत बढ़ने के आसार हैं। इसके साथ ही पैन-आधार लिंकिंग, ITR फाइलिंग और बैंकिंग से जुड़े महत्वपूर्ण नियम भी इस महीने लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर करोड़ों उपभोक्ताओं पर दिखाई देगा।

1 दिसंबर 2025 से तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 10 रुपये की कमी की है, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 1590.50 रुपये से घटकर 1580.50 रुपये हो गई है। हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है, जिससे घरों के बजट पर राहत अभी नहीं मिल सकी है। इसी बीच हवाई यात्रा करने वालों को झटका देते हुए ATF की कीमतें बढ़ा दी गई हैं। इंडियन ऑयल के अनुसार, चार महानगरों में नई दरें लागू हो चुकी हैं, जिससे उड़ानों का किराया बढ़ने की आशंका है।

कर व्यवस्था से जुड़े दो अहम काम भी दिसंबर में पूरे करने होंगे। पैन-आधार लिंक करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 तय है। समय पर लिंकिंग न करवाने पर पैन कार्ड डी-एक्टिव हो सकता है, जिससे ITR फाइलिंग, बैंक KYC और सरकारी सब्सिडी जैसी आवश्यक सेवाएं ठप पड़ सकती हैं। वहीं, आयकर विभाग ने 1 करोड़ से अधिक टर्नओवर वाले व्यवसायियों और प्रोफेशनल्स के लिए ITR फाइलिंग की डेडलाइन 10 दिसंबर 2025 तय की है। लेट फीस के साथ रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2025 है। 5 लाख तक आय वाले करदाताओं के लिए 1000 रुपये और इससे अधिक आय वालों के लिए 5000 रुपये की जुर्माना राशि तय की गई है।

इसी महीने 3 से 5 दिसंबर के बीच आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की बैठक में रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा हुआ, तो रेपो रेट 5.25 प्रतिशत पर आ जाएगा, जिससे होम लोन, ऑटो लोन और पर्सनल लोन जैसी सुविधाएं सस्ती होने की उम्मीद है। उधर, दिसंबर में बैंकों की 17 दिनों की छुट्टियां भी निर्धारित की गई हैं, हालांकि ये छुट्टियां अलग-अलग राज्यों में भिन्न होंगी। त्योहारी सीजन, रविवार-शनिवार और क्षेत्रीय छुट्टियों को मिलाकर बैंकिंग सेवाओं पर इसका आंशिक प्रभाव रहेगा।

दिसंबर की शुरुआत के साथ ही वित्तीय नियमों और कीमतों में हुए इन बदलावों का असर आने वाले दिनों में लोगों की जेब और बजट दोनों पर साफ दिखाई देगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here