कस्बा समेत थाना क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक हो चुकी है चोरियां एक का भी खुलासा नहीं
अमृतपुर फर्रूखाबाद। अमृतपुर मुख्य बाजार की सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही कस्बे में स्थित ग्रामीण बैंक व स्टेट बैंक की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से थाना अमृतपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा बल तैनात किया जाता है ताकि बाजार में स्थित दुकानदारों के सामान की सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। लेकिन रविवार की देर रात सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की तो हकीकत कुछ और ही दिखाई दी। और
रात 9:21 बजे बाजार में सुरक्षा की दृष्टि से तैनात होमगार्ड ड्यूटी निभाने के बजाय गहरी नींद में सोते हुए मिले। दोनों सुरक्षा कर्मी बस स्टॉप पर बने यात्री प्रतीक्षालय में दरी बिछाकर और कंबल ओढ़कर आराम फरमा रहे थे, जो पुलिस की गंभीर लापरवाही को उजागर करता है। जिनके कंधों पर बाजार की सुरक्षा का दायित्व था, वही अपनी जिम्मेदारी को भूल गहरी नींद में लिप्त पाए गए।
सर्दी के मौसम में जरा सी चूक भी चोरों को दावत देने से कम नहीं, जबकि बाजार क्षेत्र पूर्व में कई बार चोरी की वारदातों का शिकार हो चुका है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यदि सुरक्षा बल ही ड्यूटी के समय सोते रहे तो चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना मुश्किल हो जाएगा।
थाना पुलिस की ओर से बाजार में सुरक्षा तैनाती सुनिश्चित की गई है, लेकिन इस तरह की लापरवाही प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों को इस मामले में जांच कर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का यह भी कहना है कि इस घटना के बाद बाजार के व्यापारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं और प्रशासन से मांग की जा रही है साथ ही अब थाना पुलिस के द्वारा की जा रही कष्ट पर भी प्रश्न चिन्ह लगता दिखाई दे रहा है


