पांचालघाट स्वर्गधाम पर गंगा में गिर रहा नाले का गंदा पानी, श्रद्धालु आक्रोशित – प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल

0
29

फर्रुखाबाद। गंगा की निर्मलता बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे तमाम दावों के बावजूद पांचालघाट स्वर्गधाम क्षेत्र में गंदे नाले का पानी लगातार गंगा में गिर रहा है। आगामी मेला रामनगरिया की तैयारियों के बीच यह समस्या श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।

स्वर्गधाम जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे बह रही गंदी नाली का पानी सीधे गंगा की धारा में मिल रहा है। धार्मिक आस्था के प्रतीक गंगा तट पर बढ़ते प्रदूषण को लेकर श्रद्धालुओं ने विरोध जताया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं के बीच शनिवार को विवाद की स्थिति बनते-बनते रह गई। जानकारी के मुताबिक स्वर्गधाम के आसपास स्थित घनी आबादी, जिसमें एक समुदाय विशेष के लोग रहते हैं, उनके घरों का गंदा पानी नाली के जरिए सीधे गंगा में जा रहा है। कई बार समझाने के बाद भी वहां के लोग नालियों के प्रवाह को रोकने या दिशा बदलने को तैयार नहीं हो रहे, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है।

माघ महीने में प्रशासन द्वारा सभी नालियों का पानी गंगा में गिरने से रोकने के लिए सख्त आदेश जारी किए जाते हैं, लेकिन पांचालघाट क्षेत्र में इन आदेशों का खुला उल्लंघन देखा जा रहा है। आने-जाने वाले श्रद्धालु गंदगी, बदबू और प्रदूषित जल देखकर आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी समय बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है।

स्थानीय लोगों व स्वर्गधाम आने वाले श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन से तत्काल नालियों के प्रवाह को रोकने, वैकल्पिक मार्ग बनाने और गंगा संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। प्रशासनिक लापरवाही और स्थानीय विरोध के बीच गंगा की पवित्र धारा लगातार प्रदूषित होती जा रही है, जिससे मेला आयोजन की तैयारी भी प्रभावित हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here