भुवनेश्वर/चेन्नई: बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान दित्वाह ने अपने खतरे के संकेत जारी कर दिए हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार तूफान दक्षिण-पश्चिम दिशा से 7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते तमिलनाडु और पुद्दुचेरी तट पर चेतावनी जारी की गई है। IMD ने कहा है कि तूफान तटरेखा से 60 किमी, 50 किमी और 25 किमी के दायरे में पहुंचेगा, जिसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
भारत के तटीय राज्यों में दित्वाह का असर पहले ही दिख रहा है। तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है, बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और समुद्र में तूफानी लहरों की चेतावनी जारी की गई है। राज्य सरकारें और आपदा प्रबंधन एजेंसियां सतर्क हैं और जरूरी तैयारियों में जुटी हुई हैं।
पड़ोसी देश श्रीलंका में दित्वाह ने भारी तबाही मचाई है। भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से 153 लोगों की मौत हो चुकी है और 191 से अधिक लोग लापता हैं। पांच लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। श्रीलंका सरकार ने आपातकाल घोषित किया है और राहत कार्य शुरू किए हैं। भारत ने पड़ोसी देश की मदद के लिए तत्परता दिखाई है और राहत प्रयासों में समर्थन दे रहा है।
IMD ने लोगों से समुद्र के किनारे जाने से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि दित्वाह के आने से अगले कुछ घंटों में तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में तेज हवाएं और भारी बारिश की संभावना है।





