गमला बेचने वाली महिला व उसके पुत्रों पर दबंगों का हमला, एक पुत्र सैफई रेफर, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

0
33

फर्रुखाबाद। शहर में सड़क किनारे गमलों की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाली एक महिला और उसके दो पुत्रों के साथ दबंगों द्वारा बेरहमी से मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में महिला सहित उसके दोनों पुत्र घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए सैफई रेफर कर दिया गया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता उमा सैनी मिशन अस्पताल के पास फुटपाथ पर गमले व अन्य सजावटी सामान बेचकर अपने परिवार का जीवन-यापन करती है। काफी समय से उसकी दुकान के पास कुछ दबंग किस्म के लोग भी दुकान लगाने की फिराक में थे। इसी बात को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
आरोप है कि बीते दिन दबंग करण, पंचू और मंगल अचानक उमा सैनी की दुकान पर पहुंचे और बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद तीनों ने दुकान में रखा सारा सामान तोड़फोड़ कर नष्ट कर दिया। जब उमा सैनी व उनके पुत्र आशीष सैनी और अंशू सैनी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने तीनों को लाठी-डंडों से पीट दिया।
मारपीट में उमा सैनी और उनके दोनों पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अंशू सैनी की हालत ज्यादा बिगड़ने पर पहले उसे मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे सैफई रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी और कहा कि यदि दोबारा दुकान लगाई तो पूरे परिवार को जान से खत्म कर देंगे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी करन, पंचू और मंगल के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में फुटपाथ दुकानदारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here