गंगा के दोनों किनारों पर तटबंध निर्माण की मांग तेज, 26 नवंबर को जन संघर्ष समिति देगी ज्ञापन

0
32

फर्रुखाबाद। गंगा नदी के दोनों तटों पर प्रभावी तटबंध निर्माण की मांग को लेकर जनपद में आंदोलन की सरगर्मी बढ़ गई है। तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति ने घोषणा की है कि आगामी 26 नवंबर, दिन बुधवार, प्रातः 11:00 बजे जिले की सीमा से जिले की सीमा तक गंगा तटबंध निर्माण की मांग को लेकर एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा जाएगा।
यह जानकारी फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा द्वारा दी गई।
जन संघर्ष समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष गंगा में आई बाढ़ से नदी किनारे बसे गांवों को भारी नुकसान झेलना पड़ता है। खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो जाती हैं, सड़कों और घरों को क्षति होती है, और कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पलायन तक करना पड़ता है।
समिति का कहना है कि यदि गंगा के दोनों किनारों पर मजबूत और वैज्ञानिक तटबंध का निर्माण करा दिया जाए तो हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।
इसके तहत समिति द्वारा 26 नवंबर को एक संगठित रूप में ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा, जिसमें निम्न प्रमुख मांगें शामिल होंगी गंगा के दोनों तटों पर मजबूत तटबंध का निर्माण, कटान प्रभावित क्षेत्रों का वैज्ञानिक सर्वेक्षण, बाढ़ नियंत्रण योजना को तेजी से लागू करना, खतरे वाले गांवों के लिए स्थायी सुरक्षा उपाय समिति का कहना है कि यह मुद्दा केवल कुछ गांवों का नहीं, बल्कि पूरे जनपद की सुरक्षा और विकास से जुड़ा हुआ है।
फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने बताया कि तटबंध निर्माण की मांग वर्षों से लंबित है। उन्होंने कहा कि “गंगा के दोनों तरफ तटबंध बनने से न केवल बाढ़ पर नियंत्रण होगा, बल्कि लोगों की कृषि, आवास और आजीविका भी सुरक्षित होगी। जनहित में यह आंदोलन आवश्यक है।”
समिति ने जिले के सभी सामाजिक संगठनों, किसानों, युवाओं और ग्रामवासियों से इस अभियान में भाग लेकर तटबंध निर्माण की मांग को मजबूत बनाने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here