लखनऊ। अयोध्या में भव्य राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह से ठीक पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से किया गया एक सोशल मीडिया पोस्ट राजनीतिक और धार्मिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। लंबे समय से राम मंदिर में दर्शन के लिए न जाने को लेकर सवालों में घिरे अखिलेश यादव ने अपने ताज़ा कथन में संकेत दिया है कि वे भविष्य में वहां दर्शन के लिए जा सकते हैं।
अपने एक्स हैंडल पर अखिलेश यादव ने लिखा, “पूर्णता ही पूर्णता की ओर ले जाती है। ईश्वरीय प्रेरणा से इटावा में निर्माणाधीन ‘श्री केदारेश्वर महादेव मंदिर’ के पूर्ण होने पर अन्य मंदिरों के दर्शन का संकल्प भी पूर्ण करेंगे।” उन्होंने आगे कहा कि आस्था जीवन में सकारात्मकता और सद्भाव की ऊर्जा पैदा करती है तथा “दर्शन के लिए ईश्वरीय इच्छा ही मार्ग बनाती है, वही बुलाती है।”
ज्ञात हो कि अखिलेश यादव के अब तक राम मंदिर न जाने को लेकर बार-बार सवाल उठते रहे हैं। स्वयं उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि राम मंदिर पूरी तरह तैयार होने के बाद वह परिवार सहित दर्शन करने जाएंगे।
इस बीच अयोध्या के सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया है कि उन्हें 25 नवंबर के ध्वजारोहण समारोह के लिए आमंत्रण नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें न्योता मिलता तो वे नंगे पांव राम मंदिर पहुंचते।
उधर, अखिलेश यादव अपने गृहजनपद इटावा में केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर ‘केदारेश्वर महादेव मंदिर’ का निर्माण करा रहे हैं। वे अक्सर मंदिर निर्माण से जुड़े अपडेट और वीडियो साझा करते रहते हैं तथा परिवार के साथ निर्माण प्रगति का निरीक्षण भी कर चुके हैं।





