सनातनियों के लिए ऐतिहासिक दिन, मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया नए युग का अग्रदूत

0
146

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि मंदिर में धर्मध्वज के भव्य ध्वजारोहण के साथ आज का दिन सनातन धर्मावलंबियों के लिए ऐतिहासिक बन गया। पूरे अयोध्या में आध्यात्मिक उल्लास और सांस्कृतिक गौरव का अनूठा संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह क्षण केवल ध्वजारोहण का नहीं, बल्कि एक नए युग के शुभारंभ का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत श्रीरामचरितमानस की चौपाई से की—
“आजु सफल तपु तीर्थ त्यागू। आजु सुफल जप जोग विरागू।
सफल सकल सुभ साधन साजू। राम तुम्हहि अवलोकत आजू॥”
योगी ने कहा कि यह चौपाई आज के वातावरण को शब्द देती है—सदियों का तप, तीर्थ, जप और त्याग आज सार्थक हुआ है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का मंच से अभिनंदन करते हुए कहा कि राम मंदिर का यह गौरवपूर्ण क्षण करोड़ों सनातनियों की आस्था, संघर्ष और संयम की विजय है। उन्होंने प्रधानमंत्री को भगवान श्रीराम की विशेष प्रतिमा भेंट की और इसे आध्यात्मिक संबंध का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम में उपस्थित संतों, गणमान्य अतिथियों और श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या आज केवल इतिहास नहीं रच रही, बल्कि भारत के सांस्कृतिक भविष्य की दिशा भी तय कर रही है। राम मंदिर ध्वजारोहण का यह पवित्र दिन एक ऐसे नए अध्याय का आरंभ है, जो भारत को सांस्कृतिक पुनर्जागरण की ओर ले जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here